नित नए रिकॉर्ड बना रहा है कोरोना, पिछले 24 घंटे में 1,84,372 मामले; 1,027 मौतें

नई दिल्ली। कोरोना वायरस का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। प्रतिदिन दैनिक मामलों का नया रिकॉर्ड बनता जा रहा है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से बुधवार सुबह 8 बजे जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार, देश में पिछले 24 घंटे में COVID19 के 1,84,372 नए मामले आए और 1,027 नई मौतें दर्ज की गई।

इसके बाद अब तक देश में कुल संक्रमण का आंकड़ा 1,38,73,825 हो गया और मरने वालों की संख्या 1,72,085 हो गई है।

देश में वैक्सीनेशन का काम भी जारी है। इसमें कोई कोताही नहीं बरती जा रही है। संक्रमण से बचाव के लिए देश के अधिकांश राज्यों में तमाम पाबंदियां लगाई गई हैं और सख्ती बरती जा रही है। इसके तहत कई राज्यों ने लॉकडाउन से लेकर नाइट कर्फ्यू जैसे फैसले लिए हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय का आंकड़ा

भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) की ओर से देश में कोरोना टेस्टिंग के आंकड़ों को जारी किया गया। इसमें बताया गया कि मंगलवार तक देश भर में कोरोना वायरस संक्रमण के लिए कुल 26,06,18,866 सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं, जिनमें से 14,11,758 सैंपल केवल कल टेस्ट किए गए।

विदेशी वैक्सीन को भी मिली अनुमति

मंत्रालय ने बताया कि देश में कुल 11,11,79,578 लोगों को कोरोना वायरस की वैक्सीन लगाई गई है। बता दें कि देश में 16 जनवरी से वैक्सीनेशन की प्रक्रिया शुरू की गई।

इसके तहत देश में विकसित कोविशील्ड व कोवैक्सीन की खुराक लोगों को दी जा रही है। देश के कई राज्यों में वैक्सीन के स्टॉक की कमी को देखते हुए सरकार विदेशी वैक्सीन के इमरजेंसी इस्तेमाल की भी अनुमति दे रही है।

इस क्रम में रूस की कोरोना वैक्सीन स्पुतनिक V के इमरजेंसी इस्तेमाल के लिए मंजूरी दी जा चुकी है।

Leave a Reply

Back to top button