नेपाल हिंसा में फंसे उदयपुर के 31 तीर्थयात्री, वीडियो जारी कर दूतावास से लगाई मदद की गुहार

Udaypur News: नेपाल में जारी विद्रोह और हिंसक प्रदर्शनों का असर वहां घूमने गए भारतीय पर्यटकों पर भी पड़ा है। राजस्थान के उदयपुर से गए 31 तीर्थयात्री नेपाल के पोखरा शहर में फंस गए हैं। ये सभी तीर्थयात्रा के दौरान पशुपतिनाथ मंदिर दर्शन के लिए नेपाल पहुंचे थे और बुधवार को लौटने वाले थे, लेकिन जेन-जी युवाओं द्वारा शुरू किए गए आंदोलन ने हिंसक रूप ले लिया, जिसके चलते उड़ानें रद्द कर दी गईं।

फंसे हुए पर्यटकों ने बताया कि उन्होंने सार्वजनिक स्थलों पर आगजनी और तोड़फोड़ होते देखा है, जिसके कारण वे दहशत में हैं। हालांकि, उनका कहना है कि स्थानीय लोग पर्यटकों को नुकसान नहीं पहुंचा रहे। भाजपा नेता अनिल सिंघल, जो इस समूह के साथ मौजूद हैं, ने स्वयं रिकॉर्ड किए वीडियो में बताया कि नेपाल में हालात गंभीर हैं। उन्होंने कहा, “युवाओं का आक्रोश लगातार बढ़ रहा है। भ्रष्टाचार और सोशल मीडिया बैन को लेकर यह आंदोलन खतरनाक रूप ले चुका है। जगह-जगह आगजनी और तोड़फोड़ हो रही है। हम सुरक्षित हैं, लेकिन हालात डराने वाले हैं।”

समूह के एक अन्य सदस्य भागवतीलाल मेनारिया ने जानकारी दी कि मंगलवार सुबह पशुपतिनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद लौटते समय ही हिंसा भड़क गई। उन्होंने बताया कि वे वाराणसी, अयोध्या और प्रयागराज होते हुए नेपाल पहुंचे थे और वापसी में कोलकाता और गंगासागर होते हुए उदयपुर लौटने वाले थे।

यह भी पढ़ें…

जयपुर में बड़ा हादसा… जर्जर हवेली ढहने से दो की मौत, कई घायल

जानकारी के अनुसार, जयपुर और उदयपुर से करीब 700 पर्यटक इस समय नेपाल में फंसे हुए हैं। भारतीय दूतावास ने सभी पर्यटकों से होटल में ही रुकने और हालात सामान्य होने तक इंतजार करने की सलाह दी है। जयपुर और भीलवाड़ा से गए पर्यटक भी फिलहाल अपने होटलों में ठहरे हुए हैं।

यह भी पढ़ें…

राजस्थान एसआई परीक्षा रद्द… छात्रों का फूटा गुस्सा, भविष्य पर संकट

इससे पहले सोशल मीडिया पर एक भारतीय महिला का वीडियो भी वायरल हुआ था, जिसमें उन्होंने मदद की गुहार लगाई थी। महिला ने कहा था, “मैं भारतीय दूतावास से अनुरोध करती हूं कि हमारी मदद कीजिए। जितने लोगों की मदद कर सकते हैं, कीजिए। प्रदर्शनकारी सबकुछ जला रहे हैं और पर्यटकों को भी नहीं बख्श रहे।”

नेपाल में तेजी से बिगड़ते हालात ने न सिर्फ वहां की सरकार की मुश्किलें बढ़ाई हैं, बल्कि भारत सरकार को भी सतर्क कर दिया है। फिलहाल दूतावास की ओर से पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।

यह भी पढ़ें…

Google Map ने फिर दिखाया मौत का रास्ता, नदी में समा गई वैन…

Back to top button