
लखनऊ एक्सप्रेसवे पर हादसों का सिलसिला… आठ घंटे में दो दुर्घटनाएं, चार घायल
UP Accident: लखनऊ एक्सप्रेसवे पर नसीरपुर क्षेत्र में शुक्रवार रात से शनिवार सुबह के बीच आठ घंटे के भीतर दो अलग-अलग सड़क हादसे हो गए। इन हादसों में कुल चार लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और एक्सप्रेसवे की सुरक्षा टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
रात दो बजे हुआ पहला हादसा
पहला हादसा शुक्रवार देर रात करीब दो बजे माइल स्टोन 53.600 के पास हुआ। जानकारी के मुताबिक गुजरात से लखीमपुर खीरी की ओर जा रहा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के समय ट्रक चालक कैलाश, निवासी शाहपुरा, थाना खुलिया कला, जिला भीलवाड़ा (राजस्थान) केबिन में फंस गया।
हादसे की सूचना मिलते ही नसीरपुर थाना पुलिस और एक्सप्रेसवे की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद चालक को केबिन से बाहर निकाला गया। हादसे में उसे मामूली चोटें आईं। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
सुबह दूसरा हादसा, तीन लोग घायल
पहले हादसे के कुछ घंटों बाद उसी क्षेत्र में सुबह के समय दूसरा सड़क हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और दुर्घटना का शिकार हो गया। इस हादसे में वाहन में सवार तीन लोग घायल हो गए।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों और पुलिस ने तुरंत घायलों को बाहर निकालकर एंबुलेंस की मदद से फिरोजाबाद के अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों के अनुसार सभी घायलों का इलाज जारी है और उनकी हालत स्थिर है।
यह भी पढ़ें…
बाल-बाल बचे डिप्टी CM केशव मौर्य, उड़ान के बाद हेलीकॉप्टर में भर गया धुआं…
तेज रफ्तार और लापरवाही बन रही हादसों की वजह
पुलिस अधिकारियों के अनुसार एक्सप्रेसवे पर अधिकतर हादसे तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोने के कारण हो रहे हैं। चालक लंबी दूरी तय करते समय थकान या झपकी की वजह से भी दुर्घटनाओं का शिकार हो जाते हैं।
यह भी पढ़ें…
लखनऊ के सहारा शहर में ED की छापेमारी, रियल एस्टेट प्रोजेक्ट्स के दस्तावेजों की जांच
पुलिस ने की सावधानी बरतने की अपील
पुलिस और एक्सप्रेसवे प्रबंधन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित गति सीमा में ही वाहन चलाएं और थकान महसूस होने पर बीच में रुककर आराम करें। अधिकारियों का कहना है कि एक्सप्रेसवे पर लगातार गश्त बढ़ाई जा रही है ताकि किसी भी हादसे की स्थिति में तुरंत राहत और बचाव कार्य किया जा सके।
यह भी पढ़ें…





