जिंदगी की जंग हार गई मुंबई की ‘निर्भया’, रेप के दौरान की गई थी हैवानियत

प्रतीकात्मक तस्वीर

मुंबई। मुंबई में दिल्ली की ‘निर्भया’ जैसी हैवानियत की शिकार हुई 30 वर्षीय महिला आखिरकार जिंदगी की जंग हार गई। बीते 9 सितंबर को मुंबई के साकी नाका इलाके के खैरानी रोड पर बेहोश पड़ी मिली महिला की शहर के एक अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।

मुंबई पुलिस ने यह जानकारी दी है। बता दें कि इस महिला के साथ भी दिल्ली के ‘निर्भया’ जैसी हैवानियत हुई थी जिसके साथ 16 दिसंबर 2012 को चलती बस के अंदर बेरहमी से सामूहिक बलात्कार किया गया था जिसके चलते बाद में उसकी भी मौत हो गई थी।

मुंबई की इस ‘निर्भया’ के आरोपी ने रेप के बाद महिला के प्राइवेट पार्ट में रॉड भी डाल दी थी। इस जघन्य अपराध के आरोप में जिस शख्स को पुलिस ने पकड़ा है उसका नाम मोहन चौहान बताया जा रहा है।

45 साल के मोहन चौहान को पुलिस ने घटना के कुछ ही घंटों बाद दबोच लिया। पुलिस ने बताया कि कंट्रोल रूम को सूचना मिली थी कि एक महिला को एक शख्स बुरी तरह से पीट रहा है। यह सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची।

पुलिस ने बताया कि यहां सड़क पर महिला खून से लथपथ पड़ी हुई थी। महिला को इलाज के लिए तुरंत अस्पताल ले जाया गया। आज अस्पताल में महिला की मौत हो गई। शुरुआती जांच में पता चला है कि महिला के साथ दुष्कर्म हुआ और उनके प्राइवेट पार्ट में रॉड डाला गया है।

पुलिस का कहना है कि सड़क किनारे खड़े एक टेम्पो के अंदर महिला के साथ यह हैवानियत की गई। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि वाहन के अंदर भी खून के धब्बे मिले हैं।

उन्होंने बताया कि कुछ सुरागों के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी चौहान को भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 307 (हत्या का प्रयास) और 376 (बलात्कार) के तहत गिरफ्तार किया गया और आगे की जांच जारी है।

दिल्ली में चलती बस में बेरहमी से हुआ था गैंगरेप

गौरतलब है कि दिसंबर 2012 में एक युवती के साथ दिल्ली में चलती बस के अंदर बेरहमी से सामूहिक बलात्कार और मारपीट की गई, जिससे पूरे देश में आक्रोश फैल गया था। कई दिनों तक जिंदगी के संघर्ष के बाद अस्पताल में उसकी मौत हो गई थी।

Back to top button