बर्फीली हवाओं ने ढाया सितम, समूचे उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड

नई दिल्ली। पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी से देश के उत्तरी भाग में कड़ाके की सर्दी व शीतलहर का सितम जारी है। ठंड और शीतलहर ने कई शहरों का पारा गिरा दिया है। मैदानी इलाकों में बर्फीली हवाएं कहर ढा रही हैं।

पिछले कई दिनों से हरियाणा, यूपी, दिल्ली समेत अधिकतर राज्यों में सुबह-शाम घना कोहरा हो रहा है, जिससे लोगों की परेशानियां बढ़ गईं हैं। 

मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक उप्र, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर में 26 जनवरी तक कड़ाके की सर्दी पड़ेगी। जबकि 27 जनवरी तक उत्तरी राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पश्चिमी मध्य प्रदेश में शीतलहर का दौर जारी रहेगा।

ऐसा सोमवार से जम्मू कश्मीर से पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ने के कारण होगा। इसके असर से मैदानी इलाकों में सर्द हवाएं चलेंगी।

दिल्ली का न्यूनतम तापमान 4 डिग्री तक 

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, दिल्ली में 27 जनवरी को न्यूनतम तापमान एक बार फिर घटकर 4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

वेस्टर्न डिस्टर्बेंस की वजह से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। बता दें कि नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण लगातार मौसम बदल रहा है। 

कोहरे ने बढ़ाई लोगों की परेशानियां

मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार सुबह से उप्र, पंजाब, हरियाणा, मध्यप्रदेश, बिहार, दिल्ली, असम, मेघालय, त्रिपुरा, ओडिशा और सिक्किम में घना कोहरा छाया हुआ है। उप्र में आज घना कोहरा छाया हुआ है।

यहां बारिश का अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने अभी आने वाले दिनों में ऐसा ही मौसम बने रहने की आशंका जताई है। कोहरा, हिमपात और शीतलहर के बीच यूपी और झारखंड समेत देश के कई राज्यों में बारिश की आशंका भी जताई जा रही है। 

Back to top button