रेपो रेट में कोई बदलाव नहीं, सस्ते कर्ज के लिए करना होगा इंतजार

नई दिल्ली। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने रेपो रेट में कोई बदलाव नहीं किया है। RBI की मौद्रिक नीति समिति (MPC) की बैठक आज समाप्त हो गई है। RBI के गवर्नर शक्तिकांत दास ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर समिति द्वारा लिए गए फैसलों की घोषणा की।

शक्तिकांत दास ने मौद्रिक नीति समिति के सदस्यों का आभार प्रकट करते हुए कहा कि रेपो रेट में कोई बदलाव नहीं किया गया है। यह चार फीसदी पर बरकरार है। MPC ने सर्वसम्मति से यह फैसला लिया है। ग्राहकों को ईएमआई या कर्ज की ब्याज दरों पर नई राहत नहीं मिली है।

दास ने आगे कहा कि रिवर्स रेपो रेट को भी 3.35 फीसदी पर स्थिर रखा गया है। इसके साथ ही बैंक रेट में भी कोई बदलाव नहीं करने का फैसला लिया गया है। यह 4.25 फीसदी पर है।

भारतीय रिजर्व बैंक ने अगले वित्त वर्ष 2021-22 में देश की जीडीपी में 10.5 फीसदी की तेजी का अनुमान लगाया है। बजट में यह 11 फीसदी होने का अनुमान लगाया गया था।

उन्होंने बताया कि अर्थव्यवस्था में रिकवरी के संकेत हैं। ग्रोथ से जुड़े परिदृश्य में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि इस समय वृद्धि को बढ़ावा देने को जारी रखने की जरूरत है।

शक्तिकांत दास ने बताया कि वित्त वर्ष 2020-21 की चौथी तिमाही (जनवरी-मार्च) में महंगाई दर 5.2 फीसदी तक रह सकती है।  गवर्नर ने इस बात पर संतोष जताया कि महंगाई दर छह फीसदी के टॉलरेंस लेवल के नीचे है।

आम बजट 2021-22 पेश होने के बाद यह MPC की पहली समीक्षा बैठक थी। पिछली तीन बैठकों में MPC ने ब्याज दरों में बदलाव नहीं किया है। रिजर्व बैंक ने आखिरी बार 22 मई 2020 में नीतिगत दरों में संशोधन किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button