महिला विरोधी है भाजपा…, बंगला विवाद में आप का BJP पर जोरदार हमला

Delhi CM House: दिल्ली में सीएम आवास को सील करने को लेकर घमासान मचा हुआ है। आतिशी सीएम बनने के बाद इसमें शिफ्ट हुई थीं। लेकिन अब इसके हैंडओवर को लेकर ही विवाद है। AAP और बीजेपी में सियासी वार पलटवार शुरु हो गया है।

दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी के बंगले (Delhi CM House) को लेकर जारी विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी ने सीएम आतिशी को सिविल लाइंस क्षेत्र में 6, फ्लैगस्टाफ रोड स्थित सीएम आवास आवंटित न करने को भाजपा की ‘महिला विरोधी’ मानसिकता की आलोचना की है। पार्टी ने आरोप लगाया कि भाजपा के इशारे पर सीएम आवास को जबरन खाली कराया गया क्योंकि उपराज्यपाल वीके सक्सेना इसे बीजेपी के किसी वरिष्ठ नेता को आवंटित करना चाहते हैं।

क्या है पूरा मामला?

दरअसल मुख्यमंत्री आतिशी पिछले दिनों 6, फ्लैग स्टाफ रोड बंगले में शिफ्ट हुई हैं। यह बंगला पहले तत्कालीन मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को आवंटित हुआ था। उन्होंने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद सरकारी बंगला खाली कर दिया और नए घर में शिफ्ट हो गए। इसके बाद मुख्यमंत्री आतिशी इसी बंगले में रहने चली गईं। दिल्ली में मुख्यमंत्री समेत सभी विधायकों को आवास पीडब्ल्यूडी मुहैया कराता है। ऐसे में दावा किया जा रहा है कि अरविंद केजरीवाल ने घर खाली करने के बाद पीडब्ल्यूडी को कब्जा नहीं दिया।

मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से बुधवार को आरोप लगाया कि दिल्ली के एलजी के आदेश पर सीएम आतिशी का सामान उनके आधिकारिक आवास से जबरन बाहर निकाल दिया गया। भारतीय राजनीतिक इतिहास में पहली बार एक मुख्यमंत्री को आवास से जबरन बेदखल कर दिया गया।

आपको बता दे कि, मुख्यमंत्री कार्यालय के मुताबिक अतिशी ने छह अक्तूबर को दोपहर 2 बजे मुख्यमंत्री आवास का दौरा किया, जहां पीडब्ल्यूडी के अधिकारी कार्यकारी इंजीनियर (सिविल) और सहायक इंजीनियर इलेक्ट्रिकल मौजूद थे। इस दौरे के दौरान, सेक्शन ऑफिसर ने पीडब्ल्यूडी के जूनियर इंजीनियर को चाबियां दीं और उसने उन चाभियों को मुख्यमंत्री अतिशी को सौंप दिया। अब मुख्यमंत्री आवास की चाभी वर्तमान मुख्यमंत्री के पास हैं।

Back to top button