एनीमिया से बचाव के लिए घरेलू आहार, जाने डाइटिशियन शशि सिंह से उपाय…

Anemia Home Remedies: रक्त की कमी को सामान्य भाषा में एनीमिया रोग के नाम से जानते हैं जो कि भारत में आजकल आम समस्या हो गई है, विशेषतया भारतीय महिलाओं में। हर साल 21 मार्च को ‘नेशनल एनीमिया डे’ मनाया जाता है।

Anemia Home Remedies: हर साल 21 मार्च को ‘नेशनल एनीमिया डे’ मनाया जाता है। इस दिन लोगों को एनीमिया के बारे में जागरूक किया जाता है, इसके लक्षणों के बारे में बताया जाता है, ताकि इससे संबंधित किसी भी प्रकार के लक्षण दिखने पर सतर्कता बरती जा सके और इसे दूर किया जा सके। अमूमन देखा गया है कि लोगों में एनीमिया की शिकायत अधिकतर पीलिया, बवासीर, किसी दुर्घटना में अत्यधिक खून बह जाने के कारण एवं महिलाओं को प्रसव के दौरान होती है। एनीमिया से बचने और शरीर में रक्त की कमी को दूर करने के लिए आप कुछ आसान और घरेलू आहार अपना सकते है और एनीमिया से छुटकारा पा सकते हैं। आइए जानते हैं इन आसान घरेलू आहारों के बार में-

१. सहजन: सहजन आम तौर पर आसानी से पाया जाने वाला पेड़ है जिसकी पत्तियों में आयरन भरपूर मात्रा में पाया जाता है, इसके अलावा विटामिन ए, विटामिन सी, कैल्शियम और मैग्नीशियम की प्रचुर मात्रा में पाई जाती है जो रक्त संचार को बढ़ाने के साथ हीमोग्लोबिन के बनाने में भी सहायक है।

२.चुकन्दर: चुकंदर को आयरन का एक बेहतरीन स्रोत माना जाता है। इसका सेवन एनीमिया के मरीजों के लिए बहुत फायदेमंद होता है। इसमें फोलेट, विटामिन-सी, पोटैशियम, मैग्नीशियम और फाइबर भी पाया जाता है। यदि आपको कमजोरी महसूस होती है तो आप चुकंदर के रस का सेवन कर सकते हैं।

३. हरी पत्तेदार सब्जियां: एनीमिया से पीड़ित लोगों को अपने आहार में हरे पत्तेदार सब्जियों को विशेषतया शामिल करनी चाहिए। पत्तेदार सब्जियों में पालक,मेथी,सरसों के साग इत्यादि को आयरन का अच्छा स्रोत है माना जाता है जो हीमोग्लोबिन के निर्माण और इसके स्तर को बढ़ाने में मदद करते हैं।

४. सूखे मेवे (ड्राई फ्रूट्स): काजू, किशमिश, बादाम, अखरोट, खजूर, पिस्ता, अंजीर, कद्दू के बीज, सूरजमुखी के बीज आदि के सेवन से आयरन व मीग्निशिएम का स्तर शरीर में बढ़ता है तथा इनके सेवन से खून की कमी को दूर किया जा सकता हैl

५. दूध एवं दूध से बने आहार: दूध से बने आहार जैसे पनीर, दही, मक्खन आदि में विटामिन बी 12 से लेकर आयरन तक भरपूर मात्रा में पाया जाता है जो खून की कमी को दूर करने में अत्यधिक सहायक है l

६. अनार का रस: अनार के रस में आयरन प्रचुर मात्रा में पाया जाता है है जो लाल रक्त कणिकाओं (रेड ब्लड सेल्स) को बढ़ाकर हीमोग्लोबिन के स्तर में सुधार करता है।

७. अंडे की जर्दी: इसमें आयरन की भरपूर मात्रा पाई जाती है जो लाल रक्त कणिकाओं (रेड ब्लड सेल्स) को बढ़ाता है तथा खून की कमी को पूरा करता है।

८. मछली: इसमें आयरन की मात्रा बहुत अधिक होती है। मछली में आयरन के साथ-साथ ओमेगा-3 फैटी एसिड्स भी पाए जाते हैं जो स्वस्थ हृदय के लिए भी आवश्य है।

९. चोकर: अनाज के बाहरी भाग को जो कठोर खोल की तरह होता है चोकर कहा जाता है। इससे शरीर को फाइबर, विटामिन बी, आयरन, पोटेशियम, मैग्नीशियम और एंटीऑक्सीडेंट मिलता है जो रक्त में हीमोग्लोबिन के स्तर को बढ़ाने में सहायक है।

१०. दालें और बीन्स: एनीमिया के दौरान खून की कमी को पूरा करने के लिए मूंग, अरहर, राजमा, उड़द, चना आदि को अपने आहार में अवश्य शामिल करना चाहिए l इनमें अधिक मात्रा में प्रोटीन पाया जाता है जो शरीर में आयरन को ग्रहण करने में सहायक हैl

११.गन्ने का रस: इसमें आयरन प्रचुर मात्रा में पाया जाता है जो कि रक्त में हीमोग्लोबिन के स्तर को बढ़ाता है।

शशि सिंह
आहार विशेषज्ञ
(एम.फिल.- न्यूट्रिशन)
पूर्व सेंट्रल किचन , के. जी. एम.यू. लखनऊ,
कर्तव्य हेल्थयोन (आहार सलाहकार), लखनऊ

Back to top button