
कर्नाटक: बजरंग दल कार्यकर्ता की हत्या, हिजाब के खिलाफ लिखा था FB पोस्ट

बेंगलुरु। हिजाब विवाद के बीच कर्नाटक के शिवमोगा में बजरंग दल कार्यकर्ता की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस इस मामले को हिजाब विवाद से जोड़कर देख रही है।
हालांकि, पुलिस सीधे तौर पर कुछ भी कहने से बच रही है। घटना के बाद से पूरे इलाके में तनाव बढ़ गया है, जिसके चलते पुलिस और भी ज्यादा सक्रिय हो गई है।
अधिकारियों के मुताबिक, यह घटना रविवार रात करीब नौ बजे की है। वहीं 26 वर्षीय बजरंग दल कार्यकर्ता की पहचान हर्षा के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि, हर्षा ने अपने फेसबुक प्रोफाइल पर हिजाब के खिलाफ पोस्ट लिखी थी। उन्होंने भगवा शॉल का समर्थन किया था।
धारा 144 लागू
बजरंग दल कार्यकर्ता की हत्या के बाद शिवमोगा में तनाव बढ़ गया है। कई कार्यकर्ता हत्या के बाद अस्पताल पहुंच गए और घटना का विरोध जताने लगी।
तनाव बढ़ता देख पूरे शिवमोगा में धारा 144 लागू कर दी गई है। वहीं स्कूल व कॉलेजों को भी बंद कर दिया गया है। इस बीच कर्नाटक के गृहमंत्री अरागा ज्ञानेंद्र ने मृतक के परिजनों से मुलाकात की।
मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि बजरंग दल कार्यकर्ता की हत्या के पीछे चार से पांच युवकों के समूह के होने की बात आई है। ये लोग किसी संगठन से थे या नहीं, इसकी जानकारी अभी तक नहीं हो पाई है।
उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था नियंत्रित करने के लिए एहतियात के तौर पर शिवगोमा में स्कूल व कॉलेजों को दो दिनों के लिए बंद कर दिया गया है।
बजरंग दल है सबसे ज्यादा सक्रिय
कर्नाटक में हिजाब विवाद के बीच सबसे ज्यादा सक्रिय बजरंग दल ही है। इसके अलावा कई हिंदू संगठन कर्नाटक के स्कूल-कॉलेजों में हिजाब पहनने का विरोध कर रहे हैं। ये कार्यकर्ता हिजाब के विरोध में भगवा शॉल पहनकर अपना विरोध जता रहे हैं।
कांग्रेस नेता के विवादित बोल
इस बीच कांग्रेस नेता मुकर्रम खान का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वह वीडियो में यह कहते हुए नजर आ रहे हैं कि, हिजाब का विरोध करने वालों को टुकड़ों में काट दिया जाएगा। पुलिस ने कांग्रेस नेता के खिलाफ कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।