पाकिस्तान: अल्पसंख्यकों पर हमले जारी, पेशावर में पादरी की गोली मारकर हत्या

firing in pakistan

इस्लामाबाद। पाकिस्तान में धार्मिक अल्पसंख्यक खतरे में हैं। उन पर लगातार अत्याचार किया जा रहा है। इसी क्रम में पेशावर शहर में चर्च से घर लौटते समय एक पादरी की हत्या कर दी गई है। हमलावरों की तलाश के लिए पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है।

मोटरसाइकिल पर सवार अज्ञात बंदूकधारियों ने पादरी की हत्या की और एक अन्य को घायल कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी। घटना पाकिस्तान के पश्चिमोत्तर शहर पेशावर में तब हुई जब पीड़ित चर्च से कार में घर लौट रहे थे।

पुलिस के मुताबिक शहर के रिंग रोड पर हुए हमले में 75 वर्षीय विलियम सिराज की मौके पर मौत हो गई, जबकि उनका एक साथी घायल हो गया, उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

कार में सवार तीसरे पादरी को कोई चोट नहीं आई। हमलावरों का पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज की गहनता से जांच की जा रही है।

पीड़ित पादरी प्रोटेस्टेंट चर्चों के एक संघ, चर्च ऑफ पाकिस्तान से जुड़े हैं। चर्च ऑफ पाकिस्तान के सबसे वरिष्ठ बिशप आजाद मार्शल ने हमले की निंदा की और एक ट्वीट में कहा, “हम पाकिस्तान की सरकार से ईसाइयों के लिए न्याय और सुरक्षा की मांग करते हैं” किसी भी समूह ने इस गोलीबारी की जिम्मेदारी नहीं ली है।

हाल के हफ्तों में पाकिस्तान में आतंकी हिंसा बढ़ी है। पेशावर में ही 2013 में एक चर्च के बाहर दो बड़े आत्मघाती बम विस्फोटों में दर्जनों लोग मारे गए थे। यह पाकिस्तान में ईसाइयों पर हुए सबसे घातक हमलों में से एक था।

पाकिस्तान में ईसाई और कुछ अन्य गैर मुस्लिम अल्पसंख्यकों को अक्सर धमकियों और उत्पीड़न का सामना करना पड़ता है। कभी-कभी अन्य मुस्लिम समूह अहमदी और शिया समुदाय के सदस्य भी ऐसे हमलों के शिकार होते हैं।  

Back to top button