रूस: यूनिवर्सिटी में अंधाधुध गोलीबारी, 8 की मौत; खौफ में बिल्डिंग से कूदे छात्र

firing in russia

मास्को। रूस की एक यूनिवर्सिटी में गोलीबारी की घटना सामने आई है, जिसमें 8 लोगों की मौत हो गई है। घटना के बाद पूरी यूनिवर्सिटी में हडकंप मच गया और छात्र बिल्डिंग से कूदकर भागने लगे। सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया गया है जिसमें देखा जा सकता है कि छात्र कितना डर गए थे।

जानकारी के अनुसार रूस के पर्म शहर के एक विश्वविद्यालय में सोमवार सुबह हुई गोलीबारी में 8 लोगों की मौत हो गई जबकि छह अन्य घायल हो गए। रूसी जांच समिति ने यह जानकारी दी। पर्म क्षेत्र के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक 14 लोग घायल हुए हैं।

घायलों को लेकर आ रहे अलग-अलग आंकड़ों का फिलहाल मिलान नहीं हो सका है। यूनिवर्सिटी में गोलीबारी की घटना से इतना खौफ फैल गया कि स्टूडेंट अपनी जान बचाने के लिए बिल्डिंग से कूदकर भागने लगे।

पर्म स्टेट यूनिवर्सिटी प्रेस सर्विस के अनुसार, अज्ञात अपराधी ने एक बंदूक का इस्तेमाल किया। विश्वविद्यालय के छात्रों और कर्मचारियों ने खुद को कमरों में बंद कर लिया, और विश्वविद्यालय ने उन लोगों से परिसर छोड़ने का आग्रह किया जो ऐसा करने की स्थिति में थे।

रूस के गृह मंत्रालय ने बताया कि बंदूकधारी को बाद में हिरासत में ले लिया गया। घटना के बाद जांच समिति ने अपनी जांच शुरू कर दी है।

रूस की सरकारी समाचार एजेंसी तास ने एक अनाम कानूनी स्रोत का हवाला देते हुए कहा कि कुछ छात्र एक इमारत की खिड़कियों से बाहर कूद गए।

क्षेत्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक घायलों को गोलीबारी और इमारत से भागने की कोशिश में चोटें आई हैं।

Back to top button