Ranchi के एक घर में घुस आया बाघ, बाहर जमा है हजारों की भीड़…12 घंटे से चल रहा रेस्क्यू

Jharkhand News: रांची जिले के सिल्ली प्रखंड अंतर्गत कोचो पंचायत के मारदू गांव में एक घर में बुधवार सुबह 4.30 बजे एक बाघ घुस आया है। इसे लेकर पूरे इलाके में 12 घंटे से अफरा-तफरी की स्थिति बनी हुई है। वन विभाग की टीम बाघ के रेस्क्यू के प्रयास में जुटी है।

घर में बाघ के बंद होने की खबर सुनकर हजारों लोग गांव में इकट्ठा हो गए हैं। हालांकि, इस घर की 200 मीटर की परिधि में रांची सदर एसडीओ के आदेश से सुबह 11 बजे से निषेधाज्ञा लागू की गई है। जिस घर में बाघ बंद है, वह पूरन चंद महतो नामक व्यक्ति का है।

बताया गया कि रांची के मुरी स्थित हिंडालको के कारखाने में नाइट शिफ्ट का काम करने वाले पूरन चंद अहले सुबह घर पहुंचने के बाद बकरी को बाहर निकाल रहे थे, तभी बाघ घर के अंदर दाखिल हो गया। पूरन चंद सावधानी बरतते हुए घर में मौजूद दो बच्चियों को लेकर दबे पांव जल्दी से बाहर निकले और घर के बाहर लगे लोहे के दरवाजे को बंद कर दिया। बाद में एक दीवार में सुराख कर कमरे में बैठे बाघ की आधी-अधूरी तस्वीर लेने में सफल रहा।

इसकी जानकारी मिलते ही वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और घर के बाहर मौजूद लोगों को दूर हटाया। वन विभाग ने ओरमांझी स्थित बिरसा जैविक उद्यान की रेस्क्यू टीम को मौके पर बुलाया था, लेकिन यह टीम बाघ को अपने कब्जे में लेने में विफल रही।

यह भी पढ़ें…

Jharkhand में भाजपा का आक्रोश प्रदर्शन… हेमंत सरकार पर लगाए कई गंभीर आरोप

इसके बाद वन विभाग के आला अधिकारियों ने पलामू के बेतला अभयारण्य से टीम को बुलाया है। कई अधिकारी मारदू गांव पहुंच गए हैं। बताया गया है कि विशेषज्ञों की टीम बाघ को ट्रैंक्युलाइजर के जरिए बेहोश करेगी। मौके पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। शाम साढ़े चार बजे तक बाघ का रेस्क्यू नहीं किया जा सका है।

यह भी पढ़ें…

Martial Arts yuth world Championship में भारत का नाम रोशन करेंगे साहिल हल्लादकेरी

बताया गया कि बाघ की लंबाई 6 से 7 फीट है। इस आधार पर इसके रॉयल बंगाल टाइगर प्रजाति के होने का अनुमान लगाया जा रहा है। रांची का यह इलाका पश्चिम बंगाल से सटा है।

यह भी पढ़ें…

सड़क निर्माण साइट पर नक्सली हमला, 4 भारी वाहनों सहित कई मशीनों में लगाई आग

Back to top button