कोरोना महामारी से अब उबर रहा है देश, बीते 231 दिनों में सबसे कम नए मामले

नई दिल्ली। भारत में कोरोना महामारी की रफ्तार थमती नजर आ रही है। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, बीते 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के सिर्फ 13058 मामले सामने आए हैं। इस दौरान 164 लोगों की मृत्यु हुई है।
यह बीते 231 दिनों में भारत में दर्ज कोरोना संक्रमण के सबसे कम मामले हैं। वहीं, पिछले 24 घंटों में 19,470 लोगों ने कोरोना को मात भी दी है।
दूसरी ओर केरल में भी हालात सुधरते हुए नजर आ रहे हैं। बीते 24 घंटों में राज्य में कोरोना संक्रमण के सिर्फ 6,676 नए मामले सामने आए हैं और 60 लोगों की मृत्यु हुई है।
भारत में अब कोरोना वायरस संक्रमण के सक्रिय मामले 2 लाख से भी कम (1,83,118) रहे गए हैं। ये देश में 227 दिन में सबसे कम सक्रिय मामले हैं। भारत में अब तक 3 करोड़ 40 लाख 94 हजार 373 लोग कोरोना वायरस की चपेट में आ चुके हैं।
साथ ही 3 करोड़ 34 लाख 58 हजार 801 लोग इस जानलेवा वायरस को मात दे चुके हैं। कोरोना वायरस से अब तक भारत में 4,52,454 लोगों की मृत्यु हुई है।
भारत में कोरोना टीकाकारण की रफ्तार कई विकसित देशों से भी कहीं तेज है। अब तक 98 करोड़ से ज्यादा कोरोना वैक्सीन की खुराक दी जा चुकी हैं। सरकार ने अक्टूबर में 100 करोड़ कोरोना टीकाकरण का लक्ष्य रखा था, जो कुछ ही दिनों में पूरा होने जा रहा है।





