दिल्ली में इस VVIP के वाहन का कटा चालान, जानिए क्या है वजह

दिल्ली पुलिस ने काटा रॉबर्ट वाड्रा की कार का चालान

नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के दामाद व कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के पति उद्योगपति रॉबर्ट वाड्रा की कार का राजधानी दिल्ली में चालान कट गया है। यह चालान खतरनाक ढंग से गाड़ी चलाने के लिए काटा गया है।

दिल्ली पुलिस की ओर से गुरुवार को दी गई जानकारी के अनुसार, उद्योगपति रॉबर्ट वाड्रा अपने सुरक्षा कर्मियों के साथ दक्षिण पूर्व दिल्ली के सुखदेव विहार इलाके में स्थित अपने कार्यालय जा रहे थे तभी खतरनाक तरीके से गाड़ी चलाने के लिए उनके वाहन का चालान कर दिया गया।

पुलिस ने बताया कि मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184 (खतरनाक तरीके से वाहन चलाना) के तहत बुधवार की सुबह रॉबर्ट वाड्रा पर जुर्माना लगाया गया।

उन्होंने कहा कि वाड्रा के सुरक्षा कर्मी उनके पीछे एक अन्य वाहन में थे। पुलिस के अनुसार, चालान किए गए वाहन को रॉबर्ट वाड्रा का ड्राइवर चला रहा था, जब वह सुखदेव विहार स्थित अपने ऑफिस जा रहे थे।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि घटना बारापुला फ्लाईओवर के पास हुई जब वाहन के चालक ने ब्रेक लगाया और इस दौरान पीछे से आ रहे एक वाहन ने टक्कर मार दी जिसमें वाड्रा के सुरक्षा कर्मी मौजूद थे।

गौरतलब है कि दिल्ली की सड़कों पर फर्राटा भरने वाले बेकाबू वाहनों की रफ्तार पर लगाम लगाने के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने स्पीड लिमिट में संशोधन करते हुए नई स्पीड लिमिट तय कर दी है।

नई लिस्ट के अनुसार एम1 कैटेगरी के वाहनों यानी कार, जीप, टैक्सी और अन्य ऐप-आधारित कैब के लिए अधिकांश सड़कों, राजमार्गों और फ्लाईओवर पर अधिकतम गति सीमा 50-70 किमी / घंटा तय की है।

जबकि आवासीय क्षेत्रों, वाणिज्यिक बाजारों और सर्विस रोड के अंदर सभी छोटी सड़कों पर गति सीमा 30 किमी / घंटा निर्धारित की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button