अंबानी से काफी आगे हुए अडानी, संपत्ति में 2.04 अरब डॉलर का इजाफा

मुकेश अंबानी गौतम अडानी

नई दिल्ली। अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी की संपत्ति में सोमवार को 2.04 अरब डॉलर का इजाफा हुआ। इस बढ़ोतरी के साथ अडानी और मुकेश अंबानी के बीच चल रही दौलत की रेस में अब अडानी काफी आगे निकल आए हैं। दुनिया के अरबपतियों की लिस्ट में अडानी छठे नंबर पर हैं और अब वह वॉरेन बफेट से महज 5 अरब डॉलर दूर हैं।

इस साल अब तक 43.9 अरब डॉलर बढ़ चुकी है

ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स के ताजे आंकड़ों के मुताबिक गौतम अडानी की संपत्ति इस साल अब तक 43.9 अरब डॉलर बढ़ चुकी है। इस दौरान दुनिया के सबसे बड़े रईस और लिस्ट में नंबर वन पोजीशन पर काबिज एलन मस्क के नेटवर्थ में 15 अरब डॉलर की कमी आई है।

इसके बावजदू वह 255 अरब डॉलर के साथ पहले नंबर पर हैं। दूसरे नंबर पर जेफ बेजोस हैं, जिनकी संपत्ति इस साल अब तक 15.1 अरब डॉलर कम हुई है।

सबसे ज्यादा नुकसान बर्नार्ड अर्नाल्ट को

इस साल सबसे ज्यादा नुकसान बर्नार्ड अर्नाल्ट को हुआ है। वह 35.4 अरब डॉलर गंवाकर 143 अरब डॉलर के साथ तीसरे नंबर पर है। बिल गेट्स की संपत्ति में भी इस साल अब तक 8.6 अरब डॉलर की सेंध लग चुकी है।

रिलायंस ग्रुप के चेयरमैन मुकेश अंबानी की संपत्ति इस साल भले ही 4.40 अरब डॉलर बढ़ी हो, लेकिन वह कमाई में गौतम अडानी से करीब 10 गुना पीछे रह गए हैं। अब वह 94.4 अरब डॉलर की कुल संपत्ति के साथ 11वें स्थान पर हैं।

1981 से अडानी की किस्मत चमकनी शुरू हुई

दरअसल 1981 से गौतम अडानी की किस्मत चमकनी शुरू हुई। उनके बड़े भाई ने उन्हें अहमदाबाद बुलाया। बीबीसी के मुताबिक उनके भाई ने सामानों को लपेटने वाली प्लास्टिक की एक कंपनी खरीदी थी मगर वो चल नहीं पा रही थी।

कंपनी को कच्चे माल की सप्लाई पर्याप्त मात्रा में नहीं हो पा रही थी। इसे एक अवसर में बदलते हुए अडानी ने कांडला पोर्ट पर प्लास्टिक ग्रैनुएल्स का आयात शुरू किया और 1988 में अडानी एंटरप्राइज़ लिमिटेड बनी।

कंपनी ने मेटल, कृषि उत्पाद और कपड़ा जैसे उत्पादों की कमोडिटी ट्रेडिंग शुरू की। कुछ ही साल में ये कंपनी और अडानी इस बिजनेस में बड़ा नाम बन गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button