
अखिलेश यादव ने शुरू की 2027 चुनाव की तैयारी , जिलों के लिए ‘लोकल मेनिफेस्टो’ का ऐलान
Akhilesh Yadav Local Manifesto: समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों की शुरुआत कर दी है। उन्होंने संकेत देते हुए कहा कि पार्टी प्रदेश के सभी 75 जिलों के लिए ‘लोकल मेनिफेस्टो’ बनाएगी। इसकी शुरुआत मथुरा-वृंदावन, हाथरस और आगरा से की जाएगी।
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “समाजवादी बनाएंगे स्थान विशेष के लिए ‘लोकल मेनिफेस्टो’, मथुरा-वृंदावन लोकल मेनिफेस्टो, हाथरस लोकल मेनिफेस्टो, आगरा लोकल मेनिफेस्टो।”
सपा प्रमुख ने कहा कि इन जिलों में वर्चस्ववादियों द्वारा उत्पन्न सामाजिक भेदभाव और उत्पीड़न की स्थिति, बंद होती आर्थिक गतिविधियां और घटते आय-रोजगार के साधन चिंता का विषय हैं। उन्होंने भाजपा पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि इन स्थानों में उनके शासन में भ्रष्टाचार, सत्तापोषित भूमाफिया और बाहरी ठेका-माफियाओं का जाल फैला हुआ है। इसके साथ ही उन्होंने स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था की खराब स्थिति और स्थानीय अपेक्षाओं की अनदेखी को भी मुद्दा बनाया।
अखिलेश यादव ने बताया कि ‘लोकल मेनिफेस्टो’ के तहत स्थानीय स्तर पर सड़क, फ्लाईओवर, बिजली, पानी, जलभराव, ट्रैफिक जाम, पक्की गलियों और अन्य इन्फ्रास्ट्रक्चरल डेवलपमेंट पर समयबद्ध तरीके से कार्य किया जाएगा। उनका कहना है कि यह पहल पूरे प्रदेश के लिए आदर्श मॉडल बनेगी।
यह भी पढ़ें…
अयोध्या में मॉरीशस पीएम ने किये रामलला के दर्शन, CM योगी ने किया स्वागत
सपा प्रमुख ने कहा, “जनता आज भी समाजवादियों के कामों को याद करती है और उन पर पूरी तरह विश्वास करती है। ऐसे विशिष्ट प्रयासों से जनता फिर से समाजवादियों की सौहार्दपूर्ण और विकासोन्मुखी सरकार बनाएगी और उत्तर प्रदेश को अमन-चैन और खुशहाली के रास्ते पर वापस लाएगी।”
यह भी पढ़ें…
बिहार कांग्रेस ने PM मोदी का बनाया AI वीडियो; भाजपा नेताओं में जबदस्त आक्रोश…
अखिलेश यादव के इस ऐलान से यह स्पष्ट होता है कि लोकल मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करके सपा 2027 विधानसभा चुनाव में अपनी स्थिति मजबूत करना चाहती है। इस रणनीति के तहत स्थानीय जरूरतों और समस्याओं को प्राथमिकता दी जाएगी, जिससे पार्टी की छवि और जनता के साथ नजदीकी को बढ़ावा मिलेगा।
यह भी पढ़ें…





