
अमेरिका का सबसे लंबा शटडाउन खत्म! ट्रंप ने खर्च विधेयक पर किए हस्ताक्षर… कामकाज फिर शुरू
US longest shutdown: अमेरिका के इतिहास का सबसे लंबा और बड़ा सरकारी शटडाउन आखिरकार खत्म हो गया है। 43 दिनों तक सरकारी कामकाज ठप रहने के बाद अमेरिकी संसद (यूएस हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स) ने 222-209 मतों से स्पेंडिंग बिल (खर्च विधेयक) पास कर दिया। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी इस बिल पर हस्ताक्षर कर दिए, जिसके साथ ही अमेरिका में जारी सरकारी शटडाउन औपचारिक रूप से समाप्त हो गया।
रिपब्लिकन को मिला डेमोक्रेट्स का समर्थन
इस विधेयक को पास कराने के लिए ट्रंप की पार्टी रिपब्लिकन को विपक्षी डेमोक्रेटिक पार्टी के छह सांसदों के समर्थन की जरूरत पड़ी। अंततः छह डेमोक्रेटिक सांसदों ने रिपब्लिकन के साथ मिलकर बिल के पक्ष में वोट दिया, जिससे यह विधेयक पारित हो सका। बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, यह वोटिंग अमेरिकी राजनीति में एक अहम मोड़ साबित हुई है क्योंकि इससे दोनों पार्टियों के बीच पिछले कई हफ्तों से चल रहे गतिरोध का अंत हुआ।
ट्रंप ने कहा — “देश को फिर से काम करने लायक बनाना सम्मान की बात”
विधेयक पर हस्ताक्षर करने के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, “मैं हमेशा किसी के भी साथ काम करने को तैयार हूं, चाहे वह विपक्ष ही क्यों न हो। हम स्वास्थ्य सेवा से जुड़े मुद्दों पर मिलकर काम करेंगे और ओबामाकेयर के इस पागलपन को पीछे छोड़ देंगे।”
उन्होंने आगे कहा कि इस अविश्वसनीय विधेयक पर हस्ताक्षर करना और देश को फिर से पटरी पर लाना गर्व की बात है। ट्रंप के इस बयान के बाद अब अमेरिकी सरकार के सभी विभाग धीरे-धीरे सामान्य रूप से कामकाज शुरू करेंगे, हालांकि स्थिति को पूरी तरह सामान्य होने में कुछ दिन लग सकते हैं।
दोनों पार्टियों के बीच क्या डील हुई?
दोनों पार्टियों के बीच बनी सहमति के अनुसार, शटडाउन के दौरान जिन सरकारी कर्मचारियों की छंटनी की गई थी, उन्हें फिर से नौकरी पर रखा जाएगा। संघीय कर्मचारियों को बकाया वेतन दिया जाएगा। इस विधेयक के तहत सरकार को जनवरी तक फंडिंग प्रदान की जाएगी। इसके बाद, जनवरी में एक बार फिर दोनों पार्टियों के बीच नए बजट को लेकर चर्चा और सौदेबाजी होगी।
डील में क्या शामिल नहीं किया गया?
इस समझौते में वह प्रावधान शामिल नहीं किया गया है, जिसकी मांग डेमोक्रेटिक पार्टी लंबे समय से कर रही थी — यानी स्वास्थ्य बीमा सब्सिडी (Health Insurance Subsidy) का विस्तार। रिपोर्टों के मुताबिक, डेमोक्रेटिक पार्टी अब दिसंबर के दूसरे सप्ताह में टैक्स क्रेडिट पर होने वाली अगली वोटिंग के दौरान इस मुद्दे को फिर से उठाने की योजना बना रही है।
यह भी पढ़ें…
“जो बोया था, वही काटने की नौबत”, शिक्षकों की नियुक्ति रद्द करने पर यूनुस सरकार के खिलाफ प्रदर्शन तेज
क्या है अमेरिका में शटडाउन की प्रक्रिया?
अमेरिका में सरकारी शटडाउन तब लागू होता है, जब संसद (कांग्रेस) सरकार को चलाने के लिए समय पर बजट या फंडिंग बिल पारित नहीं कर पाती। हर साल 1 अक्टूबर को नया वित्तीय वर्ष शुरू होता है, और अगर इस समय तक बजट पास नहीं होता, तो सरकारी विभागों की फंडिंग रुक जाती है। इस कारण से सरकारी कार्यालय, सेवाएं और कर्मचारियों का भुगतान ठप पड़ जाता है। यही स्थिति पिछले 43 दिनों तक अमेरिका में बनी रही।
यह भी पढ़ें…
दिल्ली के बाद दहली पाकिस्तान की राजधानी, जिला अदालत के बाहर धमाका… 12 की मौत
सबसे लंबा शटडाउन बना रिकॉर्ड
यह शटडाउन अमेरिकी इतिहास का सबसे लंबा रहा। इससे पहले 1995-96 में 21 दिनों तक सरकारी कामकाज रुका था। इस बार की स्थिति ने न केवल सरकारी कर्मचारियों बल्कि अमेरिकी अर्थव्यवस्था को भी प्रभावित किया। लाखों कर्मचारियों को वेतन नहीं मिला, हवाई सेवाएं प्रभावित हुईं और सरकारी एजेंसियों का कामकाज ठप हो गया।
अब जब ट्रंप के हस्ताक्षर से स्पेंडिंग बिल कानून बन गया है, तो उम्मीद की जा रही है कि आने वाले हफ्तों में अमेरिकी प्रशासन सामान्य कार्यप्रणाली में लौट आएगा और कर्मचारी अपनी ड्यूटी पर वापस लौटेंगे।
यह भी पढ़ें…





