
आज के दिन टीम इंडिया के 2 दोस्तों ने लिया था संन्यास, जिनके नाम है 3 ICC ट्रॉफी जीतने का रिकॉर्ड
MS Dhoni Suresh Raina Retirement: साल 2020 15 अगस्त को भारतीय क्रिकेट टीम के सबसे सफल कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की थी। उसी दिन सुरेश रैना ने भी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया था।
Indian Cricket Team: भारतीय क्रिकेट टीम के सबसे सफल कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने इंटरनेशनल क्रिकेट से 4 साल पहले संन्यास का ही एलान कर दिया था। खेलों की दुनिया में भी भारत ने विश्व पटल पर अपना नाम दर्ज करवाया है। भारत ने दुनिया को सौरव गांगुली, कपिल देव, सचिन तेंदुलकर, सुनील गावस्कर, महेंद्र सिंह धोनी और विराट कोहली जैसे सुपरस्टार्स प्लेयर्स दिए हैं, जिन्होंने हर मैदान पर अपना लोहा मनवाया है। पर आज से चार साल पहले 15 अगस्त 2020 को भारत के करिश्माई कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और धाकड़ बल्लेबाज सुरेश रैना ने संन्यास ले लिया था।
इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए किया था ऐलान
बात है साल 2020 की। जब भारत में हर कोई स्वतंत्रता दिवस के जश्न में डूबा हुआ था। हर कोई भारत माता की जय के नारे लगा रहा था, लेकिन शाम 7 बजकर 29 मिनट पर हर किसी का दिल उस वक्त टूटा, जब भारत के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास का एलान किया। वहीं, धोनी के संन्यास के कुछ देर बाद सबसे हैरान करने वाली बात ये थी कि बाएं हाथ के बल्लेबाज सुरेश रैना ने भी संन्यास का एलान कर दिया था।
एमएस धोनी ने भारत के लिए कुल 90 टेस्ट, 350 वनडे और 98 टी20 मैच खेले हैं। उनके नाम टेस्ट में 4876 रन, वनडे में 10773 रन और टी20 में 1617 रन बनाए हैं। धोनी ने वनडे में 6 शतक और 33 अर्धशतक, वनडे में 10 शतक और 73 अर्धशतक, जबकि टी20 में 2 अर्धशतक जड़े। वहीं, सुरेश रैना ने भारत के लिए कुल 18 टेस्ट, 226 वनडे और 78 टी20 मैच खेले।