अमित शाह का अखिलेश यादव पर हमला- आपके शासनकाल में था माफिया राज
सहारनपुर (उप्र)। उप्र में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव की रणभेरी बज चुकी है राजनीतिक दलों के नेताओं के बीच आरोप प्रत्यारोप का दौर जारी है।
इसी क्रम में आज केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह सहारनपुर पहुंचे हैं। उन्होंने वहां शाकुंभरी देवी विश्वविद्यालय का शिलान्यास किया। इस मौके पर लोगों को सम्बोधित करते हुए अमित शाह ने विपक्ष को आड़े हाथों लिया।
अखिलेश यादव पर हमला बोलते हुए अमित शाह ने कहा कि वे यूपी की कानून व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं। पता नहीं किस चश्मे से देखते हैं। घर जाकर जरा आंकड़े खंगाल लें। उनके राज में प्रदेश में माफिया राज था, आज कानून का राज है। अपराधों में 70 प्रतिशत की कमी आई है।
अमित शाह ने कहा कि पिछले चुनाव में हमने पलायन खत्म करने का वादा किया था। योगी आदित्यनाथ की सरकार ने न सिर्फ वो वादा पूरा किया है बल्कि विकास को भी रफ्तार दी है। दिल्ली से सड़क की दूरी ही नहीं दिलों की दूरी भी कम हुई है।
उन्होंने कहा कि योगी सरकार से पहले यूपी में कानून व्यवस्था लचर थी। आज महिलाएं सुरक्षित महसूस कर रही है।
यूपी में एक जमाना था जब माफियाओं की तूती बोलती थी आज वही माफिया पुलिस के सामने आत्मसर्मपण कर रहे हैं। माफिया अरबों की सम्पत्ति पर कब्जा जमाकर बैठ गए थे, योगी सरकार ने तमाम कानूनी अड़चनें पार कर वो कब्जा खाली कराया है।
सपा ने राजनीतिक मकसद से रोकी एससी/एसटी के बच्चों की स्कॉलरशिप : योगी
गन्ना किसानों को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि हमने प्रदेश में एक भी चीनी मिल बंद नहीं होने दी। 90 प्रतिशत गन्ना किसानों का भुगतान कराया। सीएम योगी ने वेस्ट यूपी का गौरव लौटाया है। आज यूपी के हर घर में बिजली पहुंच रही है।
केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि पूरे पश्चिमी उप्र में गुंडे और माफियों का शासन था उससे पश्चिमी उप्र को मुक्त करवा कर उसका सम्मान लौटाने का काम प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया है।
इसके पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अपनी हस्त कला, औद्योगिक गतिविधियों के लिए जाना जाने वाला ये जनपद सहारनपुर दशकों से मांग कर रहा था कि उनका अपना विश्वविद्यालय हो। पिछली सरकार के पास विकास का कोई एजेंडा नहीं था।
जहां जातिवाद, वंशवाद और परिवारवाद हावी होगा वहां विकास के लिए जगह नहीं होगी। केंद्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में विश्वविद्यालय खुल रहे हैं,
महाविद्यालय खुल रहे हैं, अच्छे रास्ते बन रहे हैं, किसानों के बैंक खाते में पैसा आ रहा है, गरीबों के घर बन रहे हैं, अमन के लिए क़ानून का राज स्थापित हुआ है। यही सुशासन है।