बरेली व मेरठ सीट पर भाजपा, आगरा से वित्तविहीन शिक्षकों के प्रत्याशी आकाश अग्रवाल विजयी

लखनऊ। विधान परिषद 2020 की मतगणना अभी जारी है कुछ सीटों का परिणाम घोषित हो गया है जिसमे बरेली-मुरादाबाद खण्ड निर्वाचन क्षेत्र की सीट पर भाजपा प्रत्याशी हरि सिंह ढिल्लों चुनाव जीत गये हैं।

उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी सपा प्रत्याशी संजय मिश्र को 4864 मतों के अंतर से हराया। ढिल्लों को प्रथम वरीयता के 12827 वोट मिले जबकि सपा प्रत्याशी संजय मिश्र को 4864 मत प्राप्त हुए।

राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने देर रात इस परिणाम की पुष्टि की। मेरठ शिक्षक सीट पर 48 साल का रिकार्ड तोड़ते हुए भाजपा प्रत्याशी श्रीचंद शर्मा चुनाव जीते। भाजपा के श्रीचंद शर्मा को प्रथम वरीयता में 4184 वोटों की निर्णायक बढ़त मिली।

इलाहाबाद-झांसी खण्ड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की सीट पर मतगणना के दूसरे चक्र में भाजपा के यज्ञदत्त शर्मा 707 वोट के अंतर से आगे चल रहे थे जबकि सपा के डॉ. मान सिंह को 1779 मत मिले।

वाराणसी में शिक्षण खण्ड निर्वाचन क्षेत्र की सीट पर सपा के लाल बिहारी यादव करीब 600 मतों के अंतर से आगे चल रहे थे।

सपा के लाल बिहारी यादव को खबर लिखे जाने तक 5853 मत मिले थे जबकि निर्दलीय प्रमोद मिश्र को 5232 वोट हासिल हुए थे। भाजपा समर्थित चेतनारायण सिंह तीसरे नम्बर पर थे, उन्हें 4023 मत प्राप्त हुए थे।

आगरा खंड शिक्षक विधायक सीट पर आकाश अग्रवाल विजयी

आगरा-अलीगढ़ खंड शिक्षक विधायक सीट से निर्दलीय आकाश अग्रवाल ने बाजी मार ली है। दिनभर चली थका देने वाली मतगणना के बाद देर रात अग्रवाल को विजयी घोषित किया गया।

वित्तविहीन शिक्षकों के प्रत्याशी डॉ. आकाश अग्रवाल ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी भारतीय जनता पार्टी के डॉ. दिनेश चंद्र वशिष्ठ को 2113 वोटों से हरा दिया।

इसके साथ ही आगरा-अलीगढ़ शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव परिणाम में पिछले 24 साल का रिकॉर्ड भी टूट गया है। इस सीट पर पिछले 24 साल से काबिज शर्मा गुट के जगबीर किशोर जैन परास्त हो गए हैं।

वह तीसरे स्थान पर रहे। वर्ष 1996 से शर्मा गुट के जगबीर किशोर जैन चुनाव जीतते रहे। उन्होंने शिक्षक सीट पर वर्ष 2002, 2008 और 2014 में जीत दर्ज की। इस बार भी वह चुनाव मैदान में थे। लेकिन परिणाम आने पर वह तीसरे स्थान पर खिसक गए।

वहीं पहली बार वित्तविहीन शिक्षकों के प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़े निर्दलीय डॉ. आकाश अग्रवाल ने शानदार जीत दर्ज की है। उन्हें 5798 मत मिले।

भाजपा से पहली बार चुनाव मैदान में उतरे डॉ. दिनेश चंद्र वशिष्ठ को 3685 मत प्राप्त हुए। जगवीर किशोर जैन को 2952, निर्दलीय गुमान सिंह यादव 2288 और सपा के हेवेंद्र सिंह को 1509 वोट मिले। सपा इस चुनाव में पांचवें स्थान पर रही है।

Leave a Reply

Back to top button