
Bihar Election: NDA ने जारी किया घोषणापत्र, आत्मनिर्भर और विकसित बिहार का रोडमैप
NDA Released Manifesto: बिहार की सियासत में शुक्रवार को हलचल तब तेज हो गई जब सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने विधानसभा चुनाव 2025 के लिए अपना साझा घोषणा पत्र जारी किया। राजधानी के होटल मौर्य में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने संकल्प पत्र को सार्वजनिक किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा, लोजपा (रामविलास) प्रमुख चिराग पासवान, ‘हम’ प्रमुख जीतनराम मांझी और आरएलएम अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा सहित गठबंधन के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
एनडीए ने इस बार अपने घोषणा पत्र को “संकल्प पत्र” नाम दिया है और इसे बिहार को अगले पाँच वर्षों में आत्मनिर्भर, विकसित और आधुनिक राज्य बनाने का रोडमैप बताया है। संकल्प पत्र में रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तीकरण और किसानों की समृद्धि को केंद्र में रखा गया है।
युवाओं के लिए एक करोड़ रोजगार का वादा
एनडीए ने वादा किया है कि आने वाले कार्यकाल में राज्य में एक करोड़ से अधिक सरकारी और निजी रोजगार अवसर सृजित किए जाएंगे। हर जिले में मेगा स्किल सेंटर स्थापित किए जाएंगे, जिन्हें “ग्लोबल स्किलिंग सेंटर” के रूप में विकसित किया जाएगा ताकि युवाओं को उनके हुनर के अनुसार रोजगार मिल सके।
महिलाओं के लिए ‘लखपति दीदी’ और ‘कोटिपति मिशन’
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत 2 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है।
इसके साथ ही 1 करोड़ महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ और “कोटिपति मिशन” के माध्यम से उद्यमिता से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। गठबंधन का दावा है कि यह पहल बिहार की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाएगी।
किसानों के लिए ‘किसान सम्मान एवं एमएसपी गारंटी योजना’
किसानों के लिए ‘किसान सम्मान एवं एमएसपी गारंटी योजना’ लाई जाएगी, जिसके तहत हर किसान को प्रति वर्ष 3,000 रुपये की वित्तीय सहायता मिलेगी।
साथ ही पंचायत स्तर पर धान, गेहूं, दलहन और मक्का जैसी प्रमुख फसलों की एमएसपी पर खरीद सुनिश्चित की जाएगी।
कृषि क्षेत्र में 1 लाख करोड़ रुपये के एग्री-इंफ्रास्ट्रक्चर निवेश से मत्स्य, दुग्ध और कृषि मिशन को भी गति दी जाएगी।
शिक्षा और स्वास्थ्य में सुधार का वादा
एनडीए ने बिहार में शिक्षा के क्षेत्र को नई ऊंचाई देने का संकल्प लिया है। घोषणा पत्र में केजी से पीजी तक मुफ्त और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने की बात कही गई है। हर जिले के स्कूलों का कायाकल्प किया जाएगा और वर्ल्ड क्लास एजुकेशन एस्टेट की स्थापना की जाएगी।
स्वास्थ्य क्षेत्र में हर जिले में मेडिकल कॉलेज और सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल खोलने की योजना शामिल है।
यह भी पढ़ें…
मुकेश सहनी का बड़ा हमला: “अगर नीतीश कुमार ही मुख्यमंत्री बनेंगे, तो भाजपा करे ऐलान”
बुनियादी ढांचे और औद्योगिक विकास पर जोर
एनडीए ने राज्य में 7 नए एक्सप्रेसवे, 3,600 किलोमीटर रेल ट्रैक के आधुनिकीकरण और 4 नए शहरों में मेट्रो सेवा शुरू करने की घोषणा की है।
औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए 1 लाख करोड़ रुपये के निवेश से 10 नए इंडस्ट्रियल पार्क बनाए जाएंगे। इसके साथ ही “मेक इन बिहार मिशन” शुरू किया जाएगा ताकि राज्य को औद्योगिक रूप से आत्मनिर्भर बनाया जा सके।
यह भी पढ़ें…
राहुल के ‘छठ नौटंकी’ बयान पर शाह का पलटवार… कहा- इटली तक जाएगी EVM की करंट
एनडीए की एकजुटता और चुनावी रणनीति
संकल्प पत्र जारी करने से पहले एनडीए की मैनिफेस्टो कमेटी की बैठक में सभी दलों के सुझाव शामिल किए गए। गठबंधन में भाजपा और जेडीयू 101-101 सीटों पर, लोजपा (रामविलास) 29 सीटों पर और ‘हम’ व आरएलएम 6-6 सीटों पर चुनाव लड़ रही हैं। राज्य की 243 सीटों पर दो चरणों — 6 और 11 नवंबर को मतदान होगा, जबकि मतगणना 14 नवंबर को की जाएगी।
एनडीए नेताओं ने दावा किया कि जनता इस बार भी “विकसित बिहार, आत्मनिर्भर बिहार” के विजन पर भरोसा जताएगी और गठबंधन को पुनः सत्ता में लाएगी।
यह भी पढ़ें…





