
कारोबारी गोपाल खेमका के मर्डर के बाद बिहार में सनसनी, विपक्ष ने बताया-जंगलराज
Gopal Khemka Murder Case: कारोबारी गोपाल खेमका मर्डर केस से पुलिस महकमे में खलबली मच हई है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी हुई है.
Gopal Khemka Murder Case: बिहार की राजधानी पटना में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। शुक्रवार देर रात अपराधियों ने कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए जाने माने उद्योगपति गोपाल खेमका की हत्या कर दी। वारदात के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। गांधी मैदान थाना क्षेत्र में रामगुलाम चौक के पास खेमका की हत्या के बाद शहर में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा था, जिसके बाद शनिवार सुबह उनका पार्थिव शरीर उनके आवास लाया गया।
कौन थे कारोबारी गोपाल खेमका
गोपाल खेमका बिहार के मशहूर कारोबारियों में से एक थे. वो पटना में बने मगध हॉस्पिटल के मालिक थे. इसके साथ ही पटना में दवा की कई दुकानों के मालिक थे. इसके अलावा उनकी हाजीपुर में गत्ते की दो फैक्ट्रियां हैं. पटना के एग्जीबिशन रोड में पेट्रोल पंप है, हाजीपुर इंडस्ट्रियल एरिया में फैक्ट्री है. साथ ही उनके अन्य कई बिजनेस हैं
बिहार पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पोस्ट में लिखा, “गांधी मैदान थानांतर्गत एक बिजनेसमैन के गोली लगने से मृत्यु हो जाने संबंधी सूचना प्राप्त हुई है। सूचना पर तत्काल पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर आस-पास लगे सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन करते हुए अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु प्रयास किया जा रहा है। घटनास्थल से कुछ खोखा बरामद किया गया है।”
घटना के बाद मौके पर एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम पहुंची और साक्ष्य जुटाने का काम शुरू किया। अब तक की जांच में पुलिस को घटनास्थल से दो खाली कारतूस बरामद हुए हैं, जिन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस फिलहाल हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है।





