Bihar Election: दरभंगा में BSP-कांग्रेस कार्यकर्ताओं का बवाल, जमकर पत्थरबाजी…

Bihar Vidhan Sabha Chunav: बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए लगातार वोटिंग जारी है. आरजेडी ने आरोप लगाया है कि महागठबंधन के समर्थित इलाकों वाले बूथों पर धीमी वोटिंग करवाई जा रही है. वहीं, एनडीए का दावा है कि महागठबंधन हार रहा है.

दरभंगा में BSP-कांग्रेस कार्यकर्ता भिड़े

दरभंगा के जाले विधानसभा क्षेत्र के कटका पंचायत के मतदान केन्द्र संख्या 256 पर हंगामा हुआ है. हंगामा के आरोप में दो लोगों को हिरासत मे लिया गया. जिन लोगों को हिरासत में लिया गया है उनका नाम राजा और नीतीश बताया गया है. SDPO सदर 2 ने पुष्टि करते हुए कहा कि पत्थरबाजी हुई है, लेकिन कोई घायल नहीं हुआ. बसपा और कांग्रेस पार्टी के पोलिंग एजेंट के बीच विवाद के बाद विवाद भड़का. विवाद के बाद दोनों पार्टी के समर्थकों के बीच पत्थरबाजी हुई. मौके पर पहुंची भारी संख्या में पुलिस ने मामला शांत करवाया.

3 बजे तक 53.77% वोटिंग

बिहार में दोपहर 3 बजे तक 53.77% मतदान दर्ज किया गया है. बेगुसराय में 59.82, भोजपुर में 50.07, बक्सर में 51.59, दरभंगा में 51.75, गोपालगंज में 58.17, खगड़िया में 54.77, लखीसराय में 57.39, मधेपुरा में 55.96, मुंगेर में 52.17, मुजफ्फरपुर में 58.40, नालन्दा में 52.32, पटना में 48.69, सहरसा में 55.22, समस्तीपुर में 56.35, सारण में 54.60, शेखपुरा में 49.37, सीवान में 50.93, वैशाली जिले में 53.63 फीसदी वोटिंग हुई है.

बिहार में वोटिंग के लिए लंबी-लंबी लाइनें

लखीसराय में DyCM विजय सिन्हा के काफिले पर हमला, एक घायल

लखीसराय में बिहार के उपमुख्यमंत्री और बीजेपी के उम्मीदवार विजय सिन्हा के ऊपर हमला किया गया है. लखीसराय के प्रतापपुर पंचायत के खुरियारी गांव में सिन्हा के काफिले पर पथराव किया गया जिसमें एक अंगरक्षक भी घायल हो गया.

बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मुख्य उम्मीदवार

  • तेजस्वी यादव (राजद): राघोपुर से चुनाव लड़ रहे हैं, महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार बीजेपी के सतीश कुमार यादव के खिलाफ फिर से चुनाव लड़ रहे हैं. जन सुराज के चंचल सिंह ने त्रिकोणीय लड़ाई बनाई है.
  • तेज प्रताप यादव (जनशक्ति जनता दल): राजद से अलग होने के बाद महुआ से मैदान में हैं.उनकी नई पार्टी के प्रदर्शन पर कड़ी नजर है.
  • सम्राट चौधरी (भाजपा): उपमुख्यमंत्री तारापुर से चुनाव लड़ रहे हैं, जहां उनका मुकाबला राजद के अरुण कुमार और जन सुराज के संतोष कुमार सिंह से है.
  • विजय कुमार सिन्हा (भाजपा): एक अन्य उपमुख्यमंत्री, लखीसराय से चुनाव लड़ रहे हैं, जहां उनका मुकाबला कांग्रेस के अमरेश कुमार और जन सुराज के सूरज कुमार से है.
  • अनंत कुमार सिंह (जदयू): मोकामा से चुनाव लड़ रहे हैं, जो अक्सर बाहुबलियों के बीच टकराव के लिए चर्चा में रहता है. उनका मुकाबला पूर्व सांसद सूरजभान सिंह की पत्नी वीणा देवी से है.
  • मैथिली ठाकुर (भाजपा): 25 वर्षीय लोक गायिका और इस चरण की सबसे युवा उम्मीदवार, दरभंगा से राजद के विनोद मिश्रा को चुनौती दे रही हैं.
  • रत्नेश कुशवाहा (भाजपा) बनाम शशांत शेखर (कांग्रेस): पटना साहिब सीट पर मुकाबला, जो लंबे समय से भाजपा के पास रही है और अब दोनों तरफ नए दावेदार दिख रहे हैं.

 

 

Back to top button