भाजपा ने घोषित किए पांच राज्यों के चुनाव प्रभारी, उप्र की कमान धर्मेंद्र प्रधान को
नई दिल्ली। अगले साल पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी चुनावी मोड में आ गई है। पार्टी ने आज बुधवार को उप्र, उत्तराखंड और पंजाब समेत पांच राज्यों के चुनाव प्रभारियों के नामों का ऐलान कर दिया।
बीजेपी ने केन्द्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को उत्तर प्रदेश, प्रहलाद जोशी को उत्तराखंड और गजेन्द्र सिंह शेखावत को पंजाब विधानसभा चुनाव का प्रभारी बनाया है।
उप्र के विधानसभा चुनावों को लेकर खास तौर पर गंभीर भाजपा ने प्रदेश में प्रभारी के साथ सह-प्रभारियों की फौज उतार दी है।
पार्टी ने यहां धर्मेंद्र प्रधान को प्रभारी नियुक्त करने के अतिरिक्त केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, सरोज पांडे, अर्जुन राम मेघवाल, शोभा करंदलाजे, विवेक ठाकुर, कैप्टन अभिमन्यू और अन्नपूर्णा देवी को सह-प्रभारी बनाया है।
भाजपा द्वारा जारी बयान के मुताबिक, उत्तराखंड राज्य के चुनाव की कमान केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी को दिया गया है। प्रहलाद जोशी के साथ सांसद लॉकेट चटर्जी और सरदार आरपी सिंह को सह प्रभारी बनाया गया है।
इसके अलावा, पंजाब में गजेन्द्र सिंह शेखावत को प्रभारी बनाया गया है जबकि हरदीप पुरी, मीनाक्षी लेखी, विनोद चावड़ा को सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है।
वहीं, गोवा चुनाव के लिए जहां महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को प्रभारी बनाया गया है, जबकि मणिपुर की कमान केंद्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव को सौंपी गई है।