
Stock Market: मामूली बढ़त के साथ खुला शेयर बाजार, हरे निशान पर Sensex-Nifty
Stock Market: भारत और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय व्यापार वार्ता में प्रगति और अन्य वैश्विक संकेतों के कारण गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार हरे निशान में खुला। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी मामूली बढ़त में रहे।
Stock Market: घरेलू शेयर बाजार गुरुवार को हल्की बढ़त के साथ खुला, जहां निवेशकों की नजर भारत और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय व्यापार वार्ता की प्रगति और अन्य वैश्विक संकेतों पर थी. सुबह 9:25 बजे के आंकड़ों के अनुसार, सेंसेक्स 85 अंक या 0.11 प्रतिशत बढ़कर 81,510 पर था, जबकि निफ्टी 24 अंक या 0.09 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ 24,997 पर कारोबार कर रहा था.
इन प्रमुख शेयरों में उतार-चढ़ाव
गुरुवार को शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स की कंपनियों में Eternal, अडानी पोर्ट्स, एनटीपीसी, बजाज फाइनेंस, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया और बजाज फिनसर्व प्रमुख लाभ में रहने वाली कंपनियां रहीं। वहीं दूसरी ओर, इंफोसिस, टेक महिंद्रा, अल्ट्राटेक सीमेंट और कोटक महिंद्रा बैंक जैसी कंपनियां नुकसान में रहीं।
क्या कहते हैं मार्केट एक्सपर्ट
जियोजित इन्वेस्टमंट लिमिटेड के चीफ इन्वेस्टमेंट स्ट्रैटेजिस्ट वी.के. विजयकुमार ने कहा कि भारत की मजबूत मैक्रोइकॉनॉमिक स्थिति और इस वर्ष लागू किए गए व्यापक सुधार, खासकर जीएसटी सुधार, ने अर्थव्यवस्था को तेज़ विकास की दहलीज पर लाकर खड़ा कर दिया है। मेहता इक्विटीज लिमिटेड के सीनियर वीपी (रिसर्च) प्रशांत तपसे ने कहा कि अमेरिका-भारत व्यापार समझौते की उम्मीदें और अमेरिका में S&P 500 व Nasdaq के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचना, अमेरिकी PPI (प्रोड्यूसर प्राइस इंडेक्स) के नरम आंकड़ों के साथ, बाजार में तेजी की भावना को बनाए हुए हैं।
एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कोस्पी, जापान का निक्केई 225 सूचकांक और शंघाई का एसएसई कंपोजिट सूचकांक सकारात्मक दायरे में कारोबार कर रहे थे, जबकि हांगकांग का हैंग सेंग कमजोर रहा। अमेरिकी बाजार बुधवार को मिले-जुले रुख के साथ बंद हुए थे। वैश्विक तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 0.07 प्रतिशत गिरकर 67.44 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।
इससे पहले बुधवार को सेंसेक्स 323.83 अंक या 0.40 प्रतिशत चढ़कर 81,425.15 पर बंद हुआ था। यह लगातार तीसरे दिन बढ़त के साथ बंद हुआ था। ऐसे ही निफ्टी 104.50 अंक या 0.42 प्रतिशत बढ़कर 24,973.10 पर पहुंच गया था।





