
Stock Market: शेयर बाजार में आज धीमी शुरुआत, Sensex-Nifty सपाट
Stock Market Today: शेयर बाजार में आज सपाट शुरुआत हुई। Sensex-Nifty दोनों लाल रंग के निशान पर कारोबार करते दिखाई दिए।
Stock Market Today: भारतीय शेयर बाजार में सोमवार (16 फरवरी 2026) को धीमी शुरुआत हुई। दोनों प्रमुख सूचकांक BSE Sensex और NSE Nifty दोनों सपाट कारोबार करते दिखाई दिए। सेंसेक्स 126 अंकों की गिरावट के साथ 82,500 पर पहुंच गया जबकि Nifty 38 अंक फिसलकर 25,432 पर कारोबार करता नजर आया। शुरुआती कारोबार में 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 83.85 अंक या 0.10 प्रतिशत गिरकर 82,542.91 अंक पर आ गया। वहीं 50 शेयरों वाला निफ्टी 21.80 अंक या 0.09% गिरकर 25,449.30 अंक पर आ गया। सत्र के शुरुआती दौर में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 90.66 पर स्थिर बना हुआ है।
फार्मा और हेल्थकेयर ने संभाला मोर्चा
शुरुआती कारोबार में जहां बड़े सेक्टर दबाव में दिखे, वहीं फार्मा और हेल्थकेयर शेयरों में अच्छी खरीदारी देखने को मिली. निफ्टी फार्मा और निफ्टी हेल्थकेयर इंडेक्स आज के टॉप गेनर्स में शामिल रहे. इसके अलावा रियल्टी, एनर्जी और प्राइवेट बैंक शेयरों में भी हरा निशान (तेजी) नजर आया. दूसरी ओर, आईटी, मेटल और डिफेंस सेक्टर के शेयरों में बिकवाली का दबाव रहा.
दिग्गज शेयरों का हाल: कौन चढ़ा, कौन गिरा?
पावर ग्रिड, एनटीपीसी, एचडीएफसी बैंक, सन फार्मा, बजाज फिनसर्व और मारुति सुजुकी जैसे शेयरों में मजबूती देखी गई.वहीं, इन्फोसिस, एसबीआई, टाइटन, टीसीएस और आईसीआईसीआई बैंक जैसे बड़े नाम आज लाल निशान में कारोबार करते दिखे.
लार्जकैप के मुकाबले स्मॉलकैप और मिडकैप शेयरों में ज्यादा कमजोरी रही. निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 0.34% और स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 0.47% टूटकर ट्रेड कर रहे थे.
एशियाई बाजार
एशियाई बाजारों में सोमवार को हल्की गिरावट देखी गई। जापान के प्रमुख सूचकांक Nikkei 225 और TOPIX शुरुआती कारोबार में मामूली फिसले। लूनर न्यू ईयर की छुट्टियों के कारण इन सभी बाजारों में कारोबार की गतिविधि हल्की रहने की उम्मीद है।
अमेरिकी बाज़ार
अमेरिकी बाजार शुक्रवार (14 फरवरी 2026) को मिलेजुले रुख के साथ बंद हुए। एसएंडपी 500 0.05% बढ़कर 6,836.17 पर बंद हुआ जबकि नैस्डैक कंपोजिट 0.22% फिसलकर 22,546.67 पर आ गया। डॉव जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 48.95 अंक या 0.10% बढ़कर सत्र के अंत में 49,500.93 पर बंद हुआ।





