Share Market Today: धड़ाम से गिरा शेयर बाजार! IT शेयरों में भारी गिरावट

Share Market Today: शेयर बाजार में आज गिरावट के साथ शुरुआत हुई। बीएसई सेंसेक्स और एनएसई निफ्टी दोनों लाल रंग के निशान पर खुले। कुछ शेयरों में तगड़ा एक्शन देखने को मिल सकता है।

Share Market Today: शेयर बाजार में पिछले 4 दिनों से जारी तेजी के सिलसिला पर ब्रेक लग गया है, आज मार्केट गिरावट के साथ खुला है और निफ्टी-सेंसेक्स कमजोरी के साथ कारोबार कर रहे हैं। ग्लोबल मार्केट से मिल रहे मिले-जुले संकेतों और निवेशकों की मुनाफावसूली की वजह से सेंसेक्स करीब 427 अंक (0.51%) टूटकर 83,806 के स्तर पर आ गया. वहीं, निफ्टी भी 125 अंक (0.48%) की गिरावट के साथ 25,828 पर ट्रेड कर रहा था. शुरुआती कारोबार में निफ्टी मिडकैप इंडेक्स में 0.78 प्रतिशत की गिरावट आई, तो वहीं निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स में 0.98 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई.

हालांकि, अर्निंग सीजन में खबरों के लिहाज से आज कुछ शेयरों में तगड़ा एक्शन देखने को मिल सकता है। एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया के शेयर 7 फीसदी तक टूट गए हैं। वहीं, लेंसकार्ट सॉल्यूशंस, पतंजलि फूड्स, अमारा राजा एनर्जी एंड मोबिलिटी, प्रोटियन ईगव टेक्नोलॉजीज और कॉनकॉर्ड बायोटेक के स्टॉक भी खबरों के चलते सुर्खियों में है

एशियाई बाजार

गुरुवार सुबह एशियाई बाजार बढ़त के साथ खुले और उम्मीद से बेहतर अमेरिकी पेरोल डेटा के प्रभाव को नजरअंदाज किया। जापान का निक्केई 225 पहली बार इतिहास में 58,000 के स्तर पर पहुंच गया जिससे चुनाव के बाद की तेजी नए उच्च स्तर तक पहुंच गई। टॉपिक्स इंडेक्स 0.45% बढ़ा।

दक्षिण कोरिया का कोस्पी 1.12% उछला जबकि स्मॉल-कैप कोसडैक 0.22% चढ़ा। हॉन्ग कॉन्ग के हैंग सेंग इंडेक्स के फ्यूचर्स 27,206 पर थे जो एचएसआई के पिछले बंद स्तर 27,266.38 से नीचे है।

अमेरिकी बाज़ार

अमेरिकी बेंचमार्क बुधवार का कारोबार निचले स्तर पर बंद हुआ। डॉव जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज इंडेक्स 66.74 अंक या 0.13% की गिरावट के साथ 50,121.40 पर बंद हुआ। एसएंडपी 500 एक अंक से भी कम गिरकर 6,941.47 पर आ गया। नैस्डैक कंपोजिट 0.16% गिरकर 23,066.47 पर बंद हुआ।

IT शेयरों ने बिगाड़ा बाजार का मूड, TCS में बड़ी गिरावट

आज बाजार में गिरावट की सबसे बड़ी वजह IT सेक्टर के दिग्गज शेयर रहे. निफ्टी आईटी में सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज की गई, जिसमें 4 प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट आई. अमेरिकी बाजार के आंकड़ों का असर भारतीय IT कंपनियों पर साफ दिख रहा है.

देश की सबसे बड़ी IT कंपनी TCS का शेयर भी 4.40 प्रतिशत की गिरावट के साथ ट्रेड कर रहा है. इन बड़े शेयरों में बिकवाली की वजह से बाजार संभल नहीं पा रहा है.

टॉप लूजर्स और गेनर्स की लिस्ट

निफ्टी50 इंडेक्स में इंफोसिस (5 प्रतिशत की गिरावट), टीसीएस (4.40 प्रतिशत की गिरावट), एचसीएल टेक (4.40 प्रतिशत की गिरावट), टेक महिंद्रा (4.24 प्रतिशत की गिरावट), विप्रो (3.32 प्रतिशत की गिरावट) और इटरनल (2.23 प्रतिशत की गिरावट) टॉप लूजर्स में शामिल रहे. इसके अलावा, एचडीएफसी लाइफ, जियो फाइनेंशियल सर्विसेज, एम एंड एम, एसबीआई लाइफ के शेयरों में भी गिरावट दर्ज की गई.जबकि आईसीआईसीआई बैंक, एसबीआई, आइशर मोटर्स, एचयूएल, एनटीपीसी, बीईएल और एक्सिस बैंक के शेयर टॉप गेनर्स की लिस्ट में शामिल रहे.

Back to top button