
Stock Market: शेयर मार्केट में गिरावट का दौर जारी, Sensex-Nifty पहुंचा नीचे
Stock Market 13 March: शेयर बाजार में आज एक बार फिर बड़ी गिरावट के साथ शुरुआत हुई। Sensex-Nifty दोनों लाल रंग के निशान पर खुले।
Stock Market 13 March: भारतीय शेयर मार्केट में सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार, 13 मार्च की शुरुआत निगेटिव रही. प्रमुख बेंचमॉर्क इंडेक्स बीएसई सेंसेक्स और एनएसई निफ्टी 50 लाल निशान पर ट्रेड करते हुए ओपन हुए.
30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स इंडेक्स 590.20 अंक या 0.78 प्रतिशत की गिरावट के साथ ओपन हुआ. दिन की शुरुआत सेंसेक्स ने 75,444.22 के लेवल पर की है. वहीं, एनएसई निफ्टी 50 में भी गिरावट देखने को मिल रही है. निफ्टी 50 176.65 अंक या 0.75 फीसदी फिसलकर 23,462.50 के लेवल पर ओपन हुआ था.
क्रूड ऑयल
क्रूड ऑयल की कीमतें उस समय बढ़ीं जब ईरान ने एक अमेरिकी तेल टैंकर पर हमला किया। यह उछाल तब आया जब अंतर्राष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी (IEA) ने आपातकालीन भंडार को रिलीज करने की घोषणा की थी।
रातभर में, वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (WTI) फ्यूचर्स 9.72% बढ़कर $95.73 प्रति बैरल पर बंद हुए। जबकि शुक्रवार सुबह इसमें 1.11% की गिरावट के साथ $94.67 प्रति बैरल पर ट्रेड किया गया। ब्रेंट क्रूड फ्यूचर्स 9.22% बढ़कर $100.46 प्रति बैरल पर बंद हुए और आज सुबह 0.98% गिरकर $99.48 प्रति बैरल पर ट्रेड कर रहे थे। COMEX पर क्रूड ऑयल की कीमतों में 0.16% की गिरावट दर्ज की गई और यह $95.580 प्रति बैरल पर आ गया।
बीएसई के टॉप गेनर और लूजर
खबर लिखे जाने तक बीएसई बास्केट से पावरग्रिड, एनटीपीसी, आईटीसी और रिलायंस टॉप गेनर थे. टॉप लूजर की बात करें तो एलएंडटी, टाटा स्टील, इंडिगो, एचडीएफसी बैंक और महिंद्रा एंड महिंद्रा रहे थे.
एशियाई बाजारों में कमजोरी
कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के कारण महंगाई बढ़ने की आशंका ने शुक्रवार को एशियाई शेयर बाजारों पर दबाव बनाने का काम किया है. कारोबार के दौरान निक्केई 225 करीब 2 प्रतिशत टूट गया, जबकि टॉपिक्स इंडेक्स में लगभग 1.4 प्रतिशत की गिरावट देखी गई.
वहीं दक्षिण कोरिया में कोस्पी इंडेक्स करीब 3 प्रतिशत नीचे रहा. इसके अलावा हैंग सेंग इंडेक्स के भी कमजोर शुरुआत के संकेत मिले.
गुरुवार को कैसा रहा था मार्केट?
भारतीय शेयर मार्केट में गुरुवार, 12 मार्च के कारोबारी दिन जबरदस्त गिरावट देखने को मिली थी. प्रमुख बेंचमार्क इंडेक्स बीएसई सेंसेक्स और एनएसई निफ्टी 50 लाल निशान पर ट्रेड करते हुए दिन की समाप्ति की थी. सेंसेक्स 829.29 अंक या 1.08 प्रतिशत की गिरावट के साथ 76,034.42 अंक तो वहीं, एनएसई निफ्टी 50 227.70 अंक या 0.95 प्रतिशत फिसलकर 23,639.15 के लेवल पर बंद हुए थे.
बीएसई बास्केट से एनटीपीसी, पावरग्रिड, टेक महिंद्रा, रिलायंस और एचसीएल टेक टॉप गेनर थे. टॉप लूजर की बात करें तो महिंद्रा एंड महिंद्रा, मारुति, बजाज फाइनेंस, एलएंडटी और ट्रेंट रहे थे.
निफ्टी 100, निफ्टी बैंक, निफ्टी ऑटो, निफ्टी एफएमसीजी, निफ्टी स्मॉलकैप 100, निफ्टी आईटी और निफ्टी मिडकैप 100 के शेयरों में गिरावट थी. गुरुवार के कारोबारी दिन बीएसई बास्केट से 6 शेयर हरे निशान पर बंद हुए थे और 24 शेयरों में गिरावट दर्ज की गई थी.





