
Share Market: सप्ताह के तीसरे दिन भी कमजोर शुरुआत, Sensex-Nifty लुढ़का
Share Market Today: शेयर बाजार में आज एक बार फिर उम्मीद के मुताबिक गिरावट के साथ शुरुआत हुई। दोनों प्रमुख सूचकांक बीएसई सेंसेक्स और एनएसई निफ्टी लाल रंग के निशान पर खुले।
Share Market Today: वैश्विक संकेतों के बीच बुधवार को घरेलू शेयर बाजार में शुरुआती कारोबार में गिरावट दर्ज किया गया है। 30-शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स सुबह 9 बजकर 28 मिनट पर 196.73 अंक की गिरावट के साथ 84866.73 के लेवल पर ट्रेड कर रहा था। इसी समय, एनएसई का निफ्टी भी 59.05 अंक की गिरावट के साथ 26,119.65 पर कारोबार करता दिखा। पिछले ट्रेडिंग सेशन में, सेंसेक्स 85,063.34 पर और निफ्टी 50 26,178.70 पर बंद हुआ था। शुरुआती कारोबार में, निफ्टी पैक में 1,286 स्टॉक हरे निशान में ट्रेड कर रहे थे, जबकि 1,019 स्टॉक लाल निशान में ट्रेड कर रहे थे। 113 स्टॉक में कोई बदलाव नहीं देखा गया।
टॉप गेनर और लूजर
30-सेंसेक्स कंपनियों में से, टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स, भारती एयरटेल, HDFC बैंक, बजाज फिनसर्व, बजाज फाइनेंस और मारुति सबसे ज़्यादा नुकसान में रहीं। हालांकि, टाइटन, इंफोसिस, HCL टेक, टेक महिंद्रा और रिलायंस इंडस्ट्रीज़ फायदे में रहीं।
बीएसई मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स में गिरावट
इसी तरह, ब्रॉडर इंडेक्स भी शुरुआती सेशन में गिरावट के साथ ट्रेड कर रहे थे। शुरुआती ट्रेडिंग सेशन में बीएसई मिडकैप 13.74 अंक गिरा, जबकि बीएसई स्मॉलकैप इंडेक्स 18.66 अंक बढ़कर 51,734.62 पर ट्रेड कर रहा था। 7 जनवरी को टाइटन कंपनी, जुबिलेंट फूडवर्क्स, गोदरेज कंज्यूमर प्रोडक्ट्स, लोढ़ा डेवलपर्स, यस बैंक, IRB इंफ्रास्ट्रक्चर ट्रस्ट, इंडियन एनर्जी एक्सचेंज, बायोकॉन और ऑयल एंड नेचुरल गैस कॉर्पोरेशन जैसे स्टॉक्स पर निवेशकों की खास नजर है।
एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और चीन का एसएसई कम्पोजिट बढ़त में रहे जबकि जापान का निक्की 225 तथा हॉन्ग कॉन्ग का हैंग सेंग नुकसान में रहे। अमेरिकी बाजार मंगलवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड 0.87 प्रतिशत की गिरावट के साथ 60.17 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर रहा।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) मंगलवार को बिकवाल रहे थे और उन्होंने शुद्ध रूप से 107.63 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। दूसरी ओर, घरेलू संस्थागत निवेशकों ने 1,749.35 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
इससे पहले मंगलवार को एनएसई निफ्टी 50 सत्र 72 अंक या 0.27% गिरकर 26,179 पर बंद हुआ जबकि बीएसई सेंसेक्स 376 अंक या 0.44% गिरकर 85,063 पर बंद हुआ था।





