
स्कूटी खरीदने सिक्के लेकर पहुंचा किसान, गिनने जुटा शो रूम का पूरा स्टाफ
Farmer News: एक किसान अपनी बेटी को स्कूटी दिलाने के लिए बोरी में सिक्के भरकर शोरूम पहुंचा। किसान ने अपनी बेटी से स्कूटी दिलाने का वादा किया था, जिसे पूरा करने के लिए उसने ये तरीका अपनाया।
Farmer News: छत्तीसगढ़ से एक चौकाने वाली खबर सामने आई है जहां एक किसान ₹10और ₹20 के सिक्के बोरी में भरकर बाइक से शोरूम पहुँचा और इन्हीं सिक्कों से स्कूटी खरीद ली. शोरूम के कर्मचारी घंटों तक इन सिक्कों को गिनते रहे. किसान ने करीब छह महीनों तक मेहनत करके ये पैसे जमा किए थे। शोरूम संचालक पहले तो बहुत हैरान हुआ। बाद में पता चलने पर उसने बाकायदा किसान को स्कूटी भी दी और गिफ्ट भी दिया।
क्या बोले शो रूम के संचालक?
अपने सपने का पूरा होते देख किसान की आंखों से आंसू छलक पड़े। शहर के शांति भवन चर्च के पास स्थित होंडा शो रूम के संचालक आनंद गुप्ता ने बताया कि जिले के मनोरा ब्लाक के केसरा गांव के रहवासी किसान बजरंग भगत (50 वर्ष) अपनी बेटी चंपा भगत (22 वर्ष) के साथ एक्टिवा लेने के लिए उनके शो रूम में आए थे। बजरंग भगत के हाथों में एक प्लास्टिक की बोरी थी। शो रूम के अंदर आ कर चंपा भगत ने एक स्कूटी खरीदने की इच्छा जताई।
कर्मचारियों ने करीब 40 हजार रुपये से अधिक के सिक्के गिने। बाकी की रकम नोटों में ली गई। सिक्के गिनने के बाद, शोरूम के स्टाफ ने किसान परिवार को स्कूटी की चाबी सौंपी। स्कूटी खरीदने के साथ-साथ, परिवार को स्क्रैच एंड विन का एक कार्ड भी दिया गया। इस कार्ड को स्क्रैच करने पर, बेटी चंपा भगत को मिक्सर ग्राइंडर का उपहार मिला।





