मोतिहारी में CM योगी का हमला… बोले- बिहार को लालटेन नहीं, NDA की LED चाहिए

Bihar Election: बिहार विधानसभा चुनाव के प्रचार अभियान के तहत उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को मोतिहारी में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) पर करारा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने पहले चरण के मतदान में ही यह संकेत दे दिया है कि अब “लालटेन की धुंधली रोशनी नहीं, बल्कि एनडीए की एलईडी लाइट में जगमगाता बिहार” चाहिए।

सीएम योगी ने कहा कि 14 नवंबर को जब परिणाम आएंगे, तब एक बार फिर सुशासन, विकास और सुरक्षा की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने कहा कि बिहार ने हमेशा राष्ट्र को नई दिशा दी है, लेकिन कांग्रेस और आरजेडी की सरकारों ने इस पावन धरती को पिछड़ा बनाए रखा।

बिहार की ऐतिहासिक भूमि और कांग्रेस-आरजेडी पर आरोप:
योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा, “यह वही धरती है जिसने मां जानकी को शरण दी, जिसने मोहनदास करमचंद गांधी को महात्मा बनाया, और जिसने भारत को स्वतंत्रता की दिशा दिखाई। सत्याग्रह की यह भूमि कभी भी राष्ट्र रक्षा के लिए शस्त्र उठाने से पीछे नहीं हटी। यह धरती नालंदा की ज्ञानगंगा, आचार्य चाणक्य, आर्यभट्ट, भगवान बुद्ध और भगवान महावीर जैसी विभूतियों की जन्मभूमि रही है।”

उन्होंने कहा कि बिहार की मेधा और प्रतिभा पूरे देश में प्रसिद्ध है, लेकिन कांग्रेस और आरजेडी की सरकारों ने अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए इस राज्य को पिछड़ा बनाए रखा। उन्होंने कहा, “साक्षरता में बिहार का पिछड़ना कांग्रेस और आरजेडी की नीतियों का परिणाम है।”

20 वर्षों में एनडीए सरकार से आया विकास:
सीएम योगी ने कहा, “पिछले 20 वर्षों में एनडीए की सरकार ने नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार को स्थिरता, सुरक्षा और सुशासन दिया है। आज राज्य में सड़कों का जाल है, रेल, एयरपोर्ट, इनलैंड वाटरवे और मेट्रो जैसी सुविधाएं विकसित हो रही हैं। अब बिहार में आईआईटी, एनआईटी, आईआईएम, एम्स और मेडिकल कॉलेजों की श्रृंखला खुल रही है।”

उन्होंने कहा कि निवेश वहीं आता है, जहां सुरक्षा होती है। अगर अपराधी जीतेंगे, तो निवेश भाग जाएगा और नौजवानों को फिर पलायन करना पड़ेगा।

“बुलडोजर मॉडल” का ज़िक्र:
अपने तीखे अंदाज में सीएम योगी ने कहा, “हमने उत्तर प्रदेश में बुलडोजर से माफियाओं की छाती रौंदी है। जब बुलडोजर चलता है तो माफिया की हड्डी और पसली एक हो जाती है। यूपी में अब अपराधी पस्त हैं और नौजवान मस्त हैं। बिहार को भी अपराधियों से मुक्त रखकर सुशासन की राह पर आगे बढ़ाना होगा।”

यह भी पढ़ें…

PM Modi का औरंगाबाद में चुनावी हमला… कहा– RJD ने कांग्रेस की कनपट्टी पर सटाया कट्टा…

विपक्ष पर हमला – “रामभक्तों पर चलाई थी गोली”
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस और आरजेडी ने भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाए, जबकि समाजवादी पार्टी ने रामभक्तों पर गोली चलवाई। उन्होंने कहा, “रामभक्तों ने कहा था — ‘रामलला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे’ और आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अयोध्या में भव्य राममंदिर बनकर तैयार है।”

उन्होंने बताया कि अयोध्या में महर्षि वाल्मीकि के नाम पर एयरपोर्ट, निषादराज यात्री विश्रामालय, और माता शबरी रसोई बनाई गई हैं। वहीं, राम मंदिर परिसर में जटायु और गिलहरी की प्रतिमाएं भारत की कृतज्ञता का प्रतीक हैं।

योगी ने कहा कि अयोध्या से सीतामढ़ी को जोड़ने वाला राम जानकी मार्ग 6155 करोड़ रुपए से स्वीकृत हो चुका है और इस पर काम शुरू हो गया है। साथ ही, गोरखपुर से सिलीगुड़ी को जोड़ने वाला एक्सप्रेसवे भी मोतिहारी से होकर गुज़रेगा, जिससे क्षेत्र का आर्थिक विकास तेज़ होगा।

यह भी पढ़ें…

Bihar Election: दरभंगा में BSP-कांग्रेस कार्यकर्ताओं का बवाल, जमकर पत्थरबाजी…

जनता से अपील:
सीएम योगी ने अपने संबोधन के अंत में कहा, “बिहार को अपराधियों से मुक्त रखकर सुशासन की राह पर आगे बढ़ाना है। अब लालटेन की धुंधली रोशनी नहीं, एनडीए की एलईडी लाइट में जगमगाता बिहार चाहिए।”

जनसभा में भारी भीड़ उमड़ी और उपस्थित लोगों ने “जय श्री राम” और “भारत माता की जय” के नारों से पूरा वातावरण गूंजा दिया।

यह भी पढ़ें…

बिहार में बंपर वोटिंग दिखी, गोपालगंज सबसे आगे जबकि पटना पीछे….

Back to top button