
IPL 2025 के बीच CSK का मास्टर स्ट्रोक, टीम में इस खिलाड़ी की सरप्राइज एंट्री
IPL 2025 की नीलामी में अनसोल्ड रहे दक्षिण अफ्रीका के जूनियर एबीडी के नाम से विख्यात डेवाल्ड ब्रेविस की चेन्नई सुपर किंग्स में सीजन के बीच सरप्राइज एंट्री हो गई है।
IPL 2025 : चेन्नई की टीम ने आईपीएल के बीच में मास्टरस्ट्रोक खेला है। टीम ने एक नए खिलाड़ी की एंट्री कर दी है। जल्द ही वो अपनी टीम के लिए खेलते हुए नजर आएगा। हम बात कर रहे हैं डेवाल्ड ब्रेविस की। ब्रेविस आईपीएल 2025 की नीलामी में 75 लाख रुपये के बेस प्राइज के साथ उतरे थे लेकिन उन्हें अपने खेमे में शामिल करने में किसी टीम ने रुचि नहीं दिखाई थी। इससे पहले आईपीएल में मुंबई इंडियंस के लिए खेलते थे, लेकिन अब चेन्नई सुपरकिंग्स ने उन्हें मौका देने के बारे में सोचा है। इससे टीम और भी मजबूत होगी। डेवाल्ड ब्रेविस अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए जाने और पहचाने जाते हैं।
ब्रेविस ने ली गुरजनप्रीत की जगह
डेवाल्ड ब्रेविस को एमएस धोनी की कप्तानी वाली चेन्नई सुपर किंग्स में चोटिल गुरजनप्रीत सिंह की जगह शामिल किया गया है। एक सप्ताह के अंतराल में चेन्नई की टीम में हुआ ये दूसरा बदलाव है। चोटिल रुतुराज की जगह इससे पहले आयुष महात्रे सीएसके की टीम में शामिल हुए थे।
मुंबई के लिए आईपीएल खेल चुके हैं डेवाल्ड ब्रेविस
मूल रूप से साउथ अफ्रीका के डेवाल्ड ब्रेविस की तुलना एबी डिविलियर्स के साथ होती है। इससे पहले वे मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल खेल चुके हैं। आईपीएल 2022 और 2024 में वे मुंबई इंडियंस का हिस्सा रहे हैं। इस दौरान उन्होंने इस टीम के लिए 10 मैच खेलकर 230 रन बनाए हैं। उनका औसत करीब 23 का रहा है और वे 133.72 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हैं। हालांकि उन्हें काफी कम मौके आईपीएल में इस टीम के लिए खेलने को मिले।
सीएसके के पास एक विदेशी खिलाड़ी का स्लॉट शेष था, जिस वजह से उन्हें बीच सीजन में सीएसके ने भारतीय खिलाड़ी की जगह साइन किया है।