IND vs AUS: जायसवाल के आउट पर विवाद? भारत को रास ना आई अंपायरिंग…

IND vs AUS 4th Test: बॉक्सिंग डे टेस्ट में भारत की दूसरी पारी के दौरान मैदानी अंपायर ने यशस्वी जायसवाल को आउट नहीं दिया। पैट कमिंस ने रिव्यू लिया। फिर जो हुआ उस पर विवाद खड़ा हो गया है।

IND vs AUS 4th Test: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मेलबर्न टेस्ट में भारतीय टीम को हार का सामना करना पड़ा है। टीम इंडिया की बैटिंग ने पहले ही बैकफुट पर रखा था और जो कुछ कसर बची थी उसे अंपायरिंग ने पूरी कर दी। भारतीय टीम को आखिरी दिन जीत के लिए 340 रनों का लक्ष्य मिला था। उसे शुरुआती झटके लगे और स्कोर 3 विकेट पर 33 रन हो गया, लेकिन ऋषभ पंत और यशस्वी जायसवाल ने संघर्ष करते हुए मैच में जान डाल दी। हालांकि, आखिरी सत्र में 2 बड़े फैसले भारत के खिलाफ गए और उसकी दूसरी पारी 155 रनों पर सिमट गई। इस तरह से ऑस्ट्रेलिया ने मेलबर्न टेस्ट 184 रनों से जीत लिया।

यशस्वी जायसवाल का विवादित विकेट

दरअसल, ऑस्ट्रेलिया के कप्तान अपनी पारी का 71वां ओवर लेकर आए। टीम इंडिया को यशस्वी जायसवाल और वॉशिंगटन सुंदर संभाल रहे थे और मैच को ड्रॉ की ओर ले जा रहे थे। हालांकि, इस ओवर की पांचवीं गेंद शॉर्ट थी, जिस पर यशस्वी ने बल्ला चलाया, लेकिन बल्ले का संपर्क नहीं हुआ। इस बीच जोरदार अपील पैट कमिंस ने की। विकेटकीपर एलेक्स कैरी ने भी साथ दिया। हालांकि, अंपायर ने अपील को नकार दिया। इसके बाद कमिंस ने सीधे रिव्यू की मांग की। इसके बाद थर्ड अंपायर खेल में आया।

स्निको पर कोई स्पाइक नहीं दिखा, लेकिन थर्ड अंपायर ने जूम करके देखा तो ऐसा लग रहा था कि गेंद बल्ले से लगकर एलेक्स कैरी के पास गई है। थर्ड अंपायर ने मैदानी अंपायर के फैसले को पलट दिया। इस फैसले को लेकर विवाद हो गया। यशस्वी जायसवाल भी नाखुश थे। उन्होंने मैदानी अंपायर से बहस भी की।

बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी में ऑस्ट्रेलिया ki 2-1 की बढ़त है और वह आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के खिताबी मुकाबले के लिए क्वालीफाई करने के और भी करीब पहुंच गया है। बॉक्सिंग डे टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 184 रन से हराया। सीरीज में 2-1 से बढ़त बना ली। यशस्वी जायसवाल आउट होने से पहले शानदार बल्लेबाजी कर रहे थे। भारत के लिए वह आखिरी उम्मीद थे। उन्होंने 208 गेंद पर 84 रन बनाए। यशस्वी जायसवाल के आउट दिए जाने पर सुनील गावस्कर भड़क गए।

Back to top button