
IND vs AFG: भारत-अफगानिस्तान में टक्कर, कुलदीप और चहल में किसकी होगी एंट्री?
IND vs AFG: टी20 विश्व कप में सुपर-8 की शुरुआत भारतीय टीम बृहस्पतिवार को अफगानिस्तान के खिलाफ मैच से करने जा रही है। टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच हो या फिर टी-20 विश्वकप, भारत को अफगानिस्तान की टीम कभी नहीं हरा पाई है।
भारत और अफगानिस्तान की टीमें टी20 विश्व कप 2024 के सुपर-8 के एक अहम मुकाबले में आमने-सामने होंगी। अफगानिस्तान टीम न्यूजीलैंड जैसी बड़ी टीम को हराकर सुपर-8 में पहुंची है, जबकि भारतीय टीम ने अभी तक कमाल का प्रदर्शन किया है। आज सुपर-8 के मुकाबले में दोनों ही टीमें जीत चाहेंगी, जिससे कि उनका सेमीफाइनल में पहुंचना आसान हो। टी20 विश्व कप 2024 का सुपर-8 का मुकाबला केंसिंग्टन ओवल ब्रिजटाउन बारबाडोस में खेला जाएगा।बता दें कि सुपर-8 में हर टीम को 3-3 मैच खेलने हैं। एक टीम को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए कम से कम दो मैचों में जीत चाहिए।
टीम में होंगे चहल या कुलदीप?
केंसिंग्टन ओवल में भारतीय टीम के अभ्यास सत्र को देखकर लगा कि यहां स्पिनरों को मदद मिलने वाली है। साथ ही नई गेंद से तेज गेंदबाजों को स्विंग भी मिलेगा। ब्रिजटाउन में भारत को एक कलाई के स्पिनर की जरूरत होगी। देखना यह होगा कि कुलदीप को अर्शदीप या सिराज पर वरीयता दी जाती है। कोच राहुल द्रविड़ ने मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में बदलाव के संकेत भी दिए हैं। उन्होंने कुलदीप-चहल में से किसी एक रिस्ट स्पिनर को खिलाने की वकालत की है।
केंसिंग्टन ओवल ब्रिजटाउन बारबाडोस पिच रिपोर्ट
ब्रिजटाउन के केंसिंग्टन ओवल की पिच को शॉट्स खेलने वाले बल्लेबाज पसंद करेंगे। पिछले मैच में यहां ऑस्ट्रेलिया ने 201 रन बनाए थे। इंग्लैंड के खिलाफ इसी टी20 वर्ल्ड कप के ग्रुप स्टेज के मैच में यहां स्कॉटलैंड ने 10 ओवर्स में 90 रन ठोक दिए थे। हालांकि, बारिश की वजह से मैच पूरा नहीं हो सका। इस पिच पर बड़े स्कोर और अच्छे मैच की उम्मीद की जा सकती है। मध्य ओवर में अफगानिस्तान के पास खुद राशिद खान हैं, जो काफी किफायती रहते हैं। भारतीय मध्य क्रम के सामने उन के खिलाफ रन बनाने की चुनौती रहेगी।
T20 world cup 2024 में दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11
भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), विराट कोहली, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, शिवम दुबे, हार्दिक पंड्या, रवींद्र जड़ेजा, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, जसप्रित बुमरा, अर्शदीप सिंह।
अफगानिस्तान: रहमानुल्लाह गुरबाज़ (विकेटकीपर), इब्राहिम जादरान, गुलबदीन नायब, अजमतुल्लाह उमरजई, मोहम्मद नबी, नजीबुल्लाह जादरान, करीम जनत, राशिद खान (कप्तान), नूर अहमद, नवीन-उल-हक, फजलहक फारूकी।





