IND vs NZ: ईशान किशन की टी20 में वापसी, सूर्या ने बताया किस नंबर पर करेंगे बैटिंग

IND vs NZ 1st T20I: भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज बुधवार से शुरू हो रही है। इस सीरीज में दोनों टीमों की नजरें अपनी टी20 वर्ल्ड कप की तैयारियों को पुख्ता करने पर होंगी।

IND vs NZ 1st T20I: ईशान किशन न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टी20 मैच में भारतीय टीम में वापसी करेंगे और नंबर-3 पर बल्लेबाज़ी करेंगे. कप्तान सूर्यकुमार यादव ने साफ किया कि तिलक वर्मा की अनुपस्थिति में ईशान सबसे बेहतर विकल्प हैं। घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के दम पर ईशान ने फिर से भारतीय टीम में अपनी जगह पक्की की है। इस मुकाबले में ईशान किशन भारत के लिए नंबर-3 पर बल्लेबाज़ी करेंगे। सीरीज का पहला मैच बुधवार (21 जनवरी) नागपुर के विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेला जाएगा।

सूर्या ने ईशान किशन की बैटिंग पोजीशन पर की बात

सूर्यकुमार यादव ने मैच से पहले प्रेस कांफ्रेंस में कहा, “ईशान किशन तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करेंगे. क्योंकि वो हमारी टी20 वर्ल्ड कप टीम का हिस्सा है और उसे टीम में पहले चुना गया, तो उसे मौका देना हमारी जिम्मेदारी है. पिछले डेढ साल से वो भारत के लिए खेला नहीं है लेकिन घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है.

ईशान को टी20 वर्ल्ड कप के लिए चुना गया है, तो उसे श्रेयस से ऊपर भेजा जाना चाहिये. अगर चौथे या पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी की बात होती, तो अलग सवाल होता. तिलक भी नहीं है, तो ईशान हमारे पास सर्वश्रेष्ठ विकल्प है.”

टी20 वर्ल्ड कप को लेकर ये बोले सूर्या

यह पूछने पर कि क्या वो खुद तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी कर सकते हैं. इसपर भारतीय कप्तान ने कहा, “मैंने भारत के लिए दोनों क्रम पर बल्लेबाजी की है. चौथे नंबर पर मेरे आंकड़े बेहतर हैं और तीसरे नंबर पर भी लेकिन मुझे लचीला रूख अपनाना होगा. मैं रन नहीं बना पा रहा, लेकिन अपनी पहचान नहीं बदलूंगा. मैने फैसला किया है कि वैसे ही खेलूंगा, जैसे पिछले तीन चार साल से खेल रहा था और जिससे मुझे सफलता मिली है.”

कप्तान सूर्य की अग्निपरीक्षा

2024 में कप्तानी संभालने के बाद से सूर्यकुमार के नेतृत्व में भारत का जीत प्रतिशत 72 से अधिक रहा है। हालांकि, लंबे समय तक टीम की सफलता ने कप्तान के खराब व्यक्तिगत फॉर्म को ढक दिया था, लेकिन अब यह चिंता का विषय बन चुका है। 2025 में सूर्यकुमार ने 19 मैचों में सिर्फ 218 रन बनाए हैं, बिना किसी अर्धशतक के और लगभग 123 की स्ट्राइक रेट के साथ। घरेलू मैदान पर विश्व कप खिताब बचाने की उम्मीदों का दबाव सूर्यकुमार पर साफ नजर आ रहा है।

टीमें :

भारत : सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, इशान किशन, श्रेयस अय्यर, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती, रिंकू सिंह, अर्शदीप सिंह, रवि बिश्नोई, हर्षित राणा।

न्यूजीलैंड: मिचेल सैंटनर (कप्तान), डेवोन कॉन्वे, बेवोन जैकब्स, डेरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, टिम रॉबिंसन, जिमी नीशम, ईश सोढी, जैक फॉक्स, मार्क चैपमैन, माइकल ब्रेसवेल, रचिन रवींद्र, काइल जेमीसन, मैट हेनरी, जैकब डफी, क्रिस्टियन क्लार्क।

Back to top button