
IPL 2025 Qualifier 1: PBKS vs RCB में आज कांटे की टक्कर, कौन पहले रखेगा फाइनल में कदम?
PBKS vs RCB IPL 2025 Qualifier 1: इंडियन प्रीमियर लीग के 18वें सीजन में गुरुवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और पंजाब किंग्स के बीच पहला क्वालीफायर खेला जाएगा। मुल्लांपुर के महाराजा यादवेंद्र सिंह क्रिकेट स्टेडियम में ये मैच होगा।
PBKS vs RCB IPL 2025 Qualifier 1: आईपीएल 2025 का पहला क्वालिफायर पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के बीच खेला जाएगा जिसमें दोनों टीमों की नजरें फाइनल में जगह बनाने पर लगी होंगी। इस सीजन दोनों टीमों का दो बार आमना-सामना हुआ और दोनों टीमों को एक दूसरे के खिलाफ एक मैच में जीत और एक में हार का सामना करना पड़ा। बहरहाल हम उन आंकड़ों पर नजर डालते हैं जिनका असर हमें क्वालिफायर 1 में दिख सकता है।
हालिया भिड़ंत में आरसीबी आगे
दोनों टीमों के बीच आईपीएल में कांटे की टक्कर देखने को मिलती है। अब तक दोनों टीमों के बीच खेले गए कुल 35 मुक़ाबलों में 18 में पीबीकेएस को जीत मिली है जबकि 17 में आरसीबी को जीत हासिल हुई है। हालांकि 2023 से अगर बात करें तो दोनों टीमों के बीच खेले गए कुल पांच मुकाबलों में चार में आरसीबी को जीत हासिल हुई है।
आरसीबी की सलामी जोड़ी के लिए खतरा बन सकते हैं अर्शदीप सिंह
मार्का यानसन की अनुपस्थिति में अर्शदीप सिंह के ऊपर पीबीकेएस के गेंदबाजी आक्रमण का अतिरिक्त भार होगा। उन्होंने इस सीजन पीबीकेएस के लिए सर्वाधिक 18 विकेट चटकाए हैं। आईपीएल 2025 में विराट कोहली और फिल सॉल्ट की जोड़ी ने आरसीबी के लिए 11 पारियों में छह अर्धशतकीय साझेदारियों की बदौलत साथ में कुल 517 रन बनाए हैं। इस दौरान दोनों बल्लेबाजों ने साथ में 176 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं। हालांकि अर्शदीप इस आक्रामक जोड़ी पर लगाम लगा सकते हैं।
प्रभसिमरन और श्रेयस का तोड़ भुवनेश्वर के पास
भुवनेश्वर कुमार इस सीजन आरसीबी के लिए तीसरे सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। क्वालिफायर 1 में पीबीकेएस की बल्लेबाजी के मजबूत स्तंभ प्रभसिमरन सिंह और कप्तान श्रेयस अय्यर को सस्ते में पवेलियन लौटाने की जिम्मेदारी उनके कंधों पर आ सकती है। भुवनेश्वर ने आईपीएल की सात पारियों में तीन बार प्रभसिमरन को अपना शिकार बनाया है, हालांकि प्रभसिमरन ने इस दौरान उनके खिलाफ 169 के स्ट्राइक रेट से 59 रन बनाए हैं।
श्रेयस के खिलाफ भुवनेश्वर और भी हावी रहते हैं, भुवनेश्वर ने आईपीएल की 11 पारियों में तीन बार श्रेयस को अपना शिकार बनाया है जबकि श्रेयस उनके खिलाफ 90 के स्ट्राइक रेट से 45 रन ही बना पाए हैं।
जितेश, अग्रवाल और पाटीदार तीनों को चहल से है खतरा
कलाई की चोट के चलते युजवेंद्र चहल लीग के अंतिम चरण में पीबीकेएस के लिए उपलब्ध नहीं थे। हालांकि मुंबई इंडियंस (एमआई) के खिलाफ मैच के बाद मुख्य कोच रिकी पोंटिंग ने उम्मीद जताई कि चहल जल्द ही उपलब्ध होंगे। अगर चहल क्वालिफायर 1 खेलते हैं तो आरसीबी के मध्य क्रम के लिए बड़ा खतरा बन सकते हैं।
पंजाब किंग्स (PBKS) की संभावित प्लेइंग इलेवन: प्रभसिमरन सिंह, प्रियांश आर्य, श्रेयस अय्यर (कप्तान), जोश इंग्लिस (विकेटकीपर), मार्कस स्टोइनिस, शशांक सिंह, अज़मतुल्लाह उमरजई, हरप्रीत बरार,काइल जैमीसन, युज़वेंद्र चहल, अर्शदीप सिंह
इम्पैक्ट सब: नेहाल वढेरा, कुलदीप सेन
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की संभावित प्लेइंग इलेवन: विराट कोहली, फिल सॉल्ट (विकेटकीपर), रजत पाटीदार (कप्तान), लियाम लिविंगस्टोन, टिम डेविड, जितेश शर्मा, क्रुणाल पंड्या, जोश हेज़लवुड, यश दयाल, भुवनेश्वर कुमार, सुयश शर्मा.
इम्पैक्ट सब: मनोज भंडगे, नुवान तुषारा





