धोखे से पाकिस्तान ने की अफगानिस्तान में बमबारी, 3 क्रिकेटर सहित 8 लोगों की मौत

Pakistan-Afghanistan Clash: अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच युद्धविराम दोहा में बातचीत समाप्त होने तक बढ़ा दिया गया था। हालांकि इससे पहले ही अफगान पक्ष ने शुक्रवार को सीजफायर के उल्लंघन का दावा करते हुए अपने क्षेत्र में नए सिरे से पाकिस्तानी हमलों का आरोप लगाया है।

Pakistan-Afghanistan Clash: अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (एसीबी) ने इसकी पुष्टि करते हुए पाकिस्तान के खिलाफ आगामी त्रिकोणीय सीरीज में हिस्सा न लेने का फैसला लिया है। पाकिस्तानी हमले में जान गंवाने वाले तीनों खिलाड़ी क्लब लेवल के क्रिकेटर थे, जो मैच खत्म होने के बाद अरगुन जिले में लौट रहे थे। इसी बीच बमबारी में उन्हें निशाना बनाया गया। वहीं राशिद खान समेत अफगानिस्तान के कई इंटरनेशनल खिलाड़ियों ने भी इस मामले पर अपनी संवेदना व्यक्त की है।

पाकिस्तानी बमबारी में 8 लोगों की मौत

ACB के अनुसार, पाकटिका प्रांत के उर्गून जिले में हुए एक हवाई हमले में मैच खेलकर घर लौट रहे तीन खिलाड़ी (कबीर, सिब्घतुल्लाह और हारून) समेत कुल 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य घायल हुए है। तालिबान अधिकारियों ने दावा किया है कि पाकिस्तान ने पाकटिका प्रांत में तीन स्थानों पर बमबारी की, जिसमें कम से कम 8 लोग मारे गए।

यह घटना तब हुई जब अफगान बलों को तालिबान प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद द्वारा युद्धविराम बनाए रखने का निर्देश दिया गया था, बशर्ते पाकिस्तान हमला करने से बचे। लेकिन पाकटिका प्रांत के एक पुलिस प्रवक्ता ने बर्मल और उर्गून जिलों में पाकिस्तानी हवाई हमलों की पुष्टि की, जहां ये क्रिकेटर कथित तौर पर मारे गए।

अफगानिस्तान के क्रिकेटर्स ने जताया दुख

अफगानिस्तान के इंटरनेशनल क्रिकेटर्स ने इस हमले पर दुख जताया है। राशिद खान ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा,”मैं पाकिस्तान की अफगानिस्तान पर हुई एयरस्ट्राइक में मारे गए आम नागरिकों के लिए संवेदना व्यक्त करता हूं। इस हमले में बच्चे, महिलाएं और युवा क्रिकेटर्स ने अपनी जान गंवाई। यह बहुत ही गलत हरकत है जिसमें आम लोगों को निशाना बनाया गया है। मैं एसीबी के उस फैसले का स्वागत करता हूं जिसमें पाकिस्तान के खिलाफ होने वाली सीरीज से नाम वापस लिया गया है। मैं इस बुरे समय में अपने लोगों के साथ खड़ा हूं। हमारे लिए हमारा देश किसी भी चीज से पहले है।”

 

 

Back to top button