महाराष्ट्र-झारखंड चुनाव के लिए आज होगा तारीखों का ऐलान… फूलप्रूफ होगा EVM

निर्वाचन आयोग आज महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा (Jharkhand Assembly Election 2024) के चुनाव के लिए तारीखों का ऐलान करने वाला है। दोपहर साढ़े तीन बजे होने वाली इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा हो सकती है।

लगातार उठाये जा रहे EVM पर सवाल
EVM पर विपक्षी दलों द्वारा उठाए जा रहे सवालों पर मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने महाराष्ट्र कहा, ‘आज प्रेस कॉन्फ्रेंस रखी गई है। जनता मतदान में भाग लेकर सवालों के जवाब देती है। जहां तक ईवीएम का सवाल है, वे 100% फूलप्रूफ हैं।’

चुनाव के लिए हैं तैयार हम
झारखंड विधानसभा चुनावों की आज घोषणा होने पर झारखंड भाजपा प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा, ‘हम तैयार हैं, पांच जनवरी तक विधानसभा की मियाद पूरी हो रही है तो उससे से पहले यहां चुनाव होना था लेकिन झारखंड मुक्ति मोर्चा घबरा गई है। हेमंत सोरेन, सोरेन डायनेस्टी के आखिरी युवराज साबित होंगे। JMM की करारी हार होगी। हम चुनाव के लिए तैयार हैं और वे लोग चुनाव के लिए तैयार नहीं हैं जिन्हें हार का डर सता रहा है। संविधान में दिए गए प्रावधान के अनुसार चुनाव आयोग मियाद पूरी होने के 6 महीने पहले तक चुनाव करा सकती है।’

चुनाव को लेकर कांग्रेस नेता उदित राज का आरोप
झारखंड और महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव की घोषणा होने पर कांग्रेस नेता उदित राज ने कहा, ‘हम उम्मीद करते हैं कि जिस तरह से हरियाणा में निष्पक्ष चुनाव नहीं हुआ और लोकतंत्र की हत्या हुई। तो इस तरह झारखंड और महाराष्ट्र के चुनाव में न हो।

झारखंड की 81 विधानसभा सीटों पर चुनाव
बता दें कि झारखंड में विधानसभा चुनाव राज्य की सभी 81 सीटों पर होना है. झारखंड विधानसभा का कार्यकाल 5 जनवरी 2025 को समाप्त होने वाला है. राज्य में पिछला विधानसभा चुनाव दिसंबर 2019 में हुआ था

महाराष्ट्र में भी काफी दिलचस्प होगा मुकाबला
महाराष्ट्र में इस बार का विधानसभा चुनाव काफी दिलचस्प होने वाला है। दरअसल, शिवसेना और एनसीपी दो धड़ों में बंटने के बाद पहले बार विधानसभा चुनावों में आमने सामने होगी। उद्धव गुट की शिवसेना और शरद पवार गुट की एनसीपी जहां महा विकास अघाड़ी गठबंधन के तहत चुनाव लड़ेगी तो वहीं शिंदे गुट की शिवसेना और अजित पवार गुट की एनसीपी महायुति गठबंधन के तहत चुनाव लड़ेंगे।

बता दें कि चार महीने पहले हुए लोकसभा चुनाव में महाविकास अघाड़ी ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया था और 48 में से 30 सीटें जीती थीं। वहीं भाजपा नीत महायुति गठबंधन ने केवल 17 सीटें जीती थीं। हालांकि, हरियाणा में चुनाव जीतने के बाद भाजपा का जोश फिर हाई होगा।

यह भी पढ़ें…

Back to top button