कृषि मंत्री से मिला किसान मजदूर संघ से जुड़े 60 किसानों का प्रतिनिधिमंडल

नई दिल्ली। केंद्रीय कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग को लेकर चल रहे किसानों के प्रदर्शन को एक महीना होने को है।

किसानों से सरकार की कई दौर की बातचीत बेनतीजा रही हालाँकि केंद्रीय कृषि मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा है कि बातचीत के सभी दरवाजे खुले हैं।  

इस बीच किसान मजदूर संघ से जुड़े 60 किसानों का एक प्रतिनिधिमंडल आज कृषि भवन में केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर से मिला।

दूसरी ओर दिल्ली से सटे हरियाणा के सिंघु और टीकरी बॉर्डर के साथ यूपी के नोएडा और गाजीपुर बॉर्डर पर भी किसान लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। इसके चलते दिल्ली-एनसीआर में आवाजाही बाधित है।

बॉस्केटबॉल खिलाड़ी सतनाम सिंह भी गुरूवार को सिंघु बॉर्डर पहुंचे और किसानों के विरोध में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि वो किसानों के साथ खड़े हैं। हम अपनी सेवाओं की पेशकश करने के लिए आए हैं ताकि किसानों को किसी भी समस्या का सामना न करना पड़े।

नोएडा में कृषि कानून के समर्थन में नोएडा के महामाया फ्लाईओवर के पास जुटे भारी संख्या में किसान जुटे। इसके चलते नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे पर जाम भी लग गया है।

बता दें कि आगामी शुक्रवार, शनिवार और रविवार को किसान संगठन हरियाणा के सभी टोल प्लाजा फ्री करवाएंगे। इसे आंदोलन की ही कड़ी बताया जा रहा है। इसका एलान किसान संगठन पहले ही कर चुके हैं।

दिल्ली-एनसीआर में आधा दर्जन जगहों पर किसानों का धरना-प्रदर्शन होने के चलते बृहस्पतिवार सुबह से ही ट्रैफिक धीमा है। खासकर नोएडा और गाजियाबाद से दिल्ली जा रहे लोगों को दिक्कत पेश आ रही है।

Leave a Reply

Back to top button