दिल्ली को आज मिलेगा नया मुख्‍यमंत्री, नई सीएम 5 मंत्रियोंं संग लेंगी शपथ

Atishi Oath Ceremony: दिल्‍ली को आज एक नया मुख्‍यमंत्री मिल जाएगा। आम आदमी पार्टी की नेता और दिल्ली की मनोनीत मुख्यमंत्री आतिशी की नई सियासी पारी का आज आगाज होने जा रहा है।

अरविंद केजरीवाल के सीएम पद से इस्तीफे के बाद आतिशी को आम आदमी पार्टी के विधायक दल का नेता चुना गया है। आम आदमी पार्टी (AAP) की नेता आतिशी आज दिल्ली के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण (Atishi Oath Ceremony) करेंगीं। शपथ ग्रहण समारोह शाम 4:30 बजे राज निवास में होगा। इसके साथ ही उनका मंत्रिपरिषद भी शपथ ग्रहण करेगा। इस अवसर पर उनके साथ पांच कैबिनेट मंत्री भी शपथ लेंगे, जो नई सरकार की दिशा और नीतियों को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इनमें इमरान हुसैन, कैलाश गहलोत, गोपाल राय, मुकेश कुमार और सौरभ भारद्वाज शामिल होंगे।

कैबिनेट में शामिल पांच नाम

‘आप’ द्वारा घोषित नई कैबिनेट में गोपाल राय, कैलाश गहलोत, सौरभ भारद्वाज, इमरान हुसैन और सुल्तानपुर माजरा से पहली बार विधायक बने मुकेश अहलावत शामिल होंगे। राष्ट्रपति ने शुक्रवार देर रात इनके नामों पर मुहर लगा दी थी। गोपाल राय, कैलाश गहलोत, सौरभ भारद्वाज और इमरान हुसैन केजरीवाल सरकार में भी मंत्री हैं। दिल्ली सरकार के मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री समेत सात सदस्य हैं। मंत्रिमंडल के सातवें सदस्य के नाम की घोषणा होनी अभी बाकी है।

आतिशी दिल्ली की तीसरी महिला मुख्यमंत्री होंगी. इससे पहले भाजपा की सुषमा स्वराज और कांग्रेस की शीला दीक्षित मुख्यमंत्री रह चुकी हैं. सुषमा स्वराज का कार्यकाल काफी छोटा रहा था, लेकिन शीला दीक्षित 15 साल तक दिल्ली की मुख्यमंत्री रहीं थीं.

Back to top button