बिहार: शाहनवाज हुसैन ने ली मंत्री पद की शपथ, सुशांत सिंह राजपूत के भाई भी बने मंत्री

पटना। बिहार की राजधानी पटना के राजभवन में नीतीश मंत्रिमंडल के नए मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न हुआ। सबसे पहले भाजपा के शाहनवाज हुसैन ने शपथ ली। उन्‍होंने उर्दू में शपथ ली। 

वाजपेयी कैबिनेट में सबसे युवा मंत्री का रिकार्ड बना चुके शाहनवाज हुसैन की बिहार सरकार में यह पहली एंट्री है। नीतीश मंत्रिमंडल में भाजपा कोटे से नौ और जेडीयू कोटे से आठ नेता मंत्री पद की शपथ ले रहे हैं। 

इस तरह मुख्यमंत्री के अलावा कैबिनेट में कुल 30 मंत्री हो जाएंगे। इससे पहले 16 नवंबर को जब नीतीश ने मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली थी तब 15 मंत्री मौजूद थे।

भाजपा विधायक नीरज सिंह बबलू ने मंत्री पद की शपथ ली। वे अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के चचेरे भाई हैं। सम्राट चौधरी ने मंत्री पद की शपथ ली। वे बिहार विधान परिषद के सदस्य हैं। 2017 में जदयू से भाजपा में आए हैं।

पूर्णिया के धमदाहा से विधायक लेसी सिंह ने मंत्री पद की शपथ ली। वे पहले भी कई मंत्रालय संभाल चुकी हैं। जदयू के संजय झा ने मंत्री पद की शपथ ली। भाजपा के प्रमोद कुमार ने मंत्री पद की शपथ ली। मोतिहारी से लगातार पांच बार जीत हासिल की है। पहले भी मंत्री रह चुके हैं।

जदयू नेता मदन सहनी ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। वे बहादुरपुर से विधायक हैं। जदयू से ही श्रवण कुमार ने भी मंत्री पद की शपथ ली। उन्हें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का बेहद करीबी माना जाता है। वे पहले भी नीतीश कुमार मंत्रिमंडल में मंत्री रह चुके हैं।

Leave a Reply

Back to top button