उप्र: पूर्व मंत्री व सपा नेता पंडित सिंह का कोरोना से निधन, अखिलेश यादव ने जताया दुःख

सपा नेता पंडित सिंह (file photo)

गोंडा (उप्र)। उप्र के पूर्व मंत्री और सपा के कद्दावर नेता विनोद कुमार उर्फ पंडित सिंह का कोरोना से निधन हो गया। कोरोना संक्रमण के चलते लखनऊ में पंडित सिंह का इलाज चल रहा था। वह काफी दिनों से मिडलैंड हॉस्पिटल में भर्ती थे।

गोंडा के नवाबगंज इलाके के रहने वाले पंडित सिंह पहले भी दो बार संक्रमित होने के बाद कोरोना को मात दे चुके थे। कोरोना पॉजिटिव आए पंडित सिंह की हालत पिछले महीने से खराब थी। 21 अप्रैल को उन्हें पहले लखनऊ में भर्ती कराया गया था।

कुछ सुधार के बाद गोरखपुर लाकर एससीपीएम हास्पिटल में भर्ती कराया गया था। जहां अचानक हालत बेहद गंभीर होने पर फिर लखनऊ शिफ्ट किया गया था। परिजनों के मुताबिक उन्हें सांस लेने में दिक्कत आ रही थी और वह वेंटिलेटर पर थे।

सपा अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उनके निधन पर गहरा दु:ख जताते हुए कहा कि वरिष्ठ सपा नेता, कई बार के विधायक एवं पूर्व मंत्री श्री विनोद कुमार सिंह उर्फ ‘पंडित सिंह’ जी का निधन, अत्यंत दुखद। दुख की इस घड़ी में शोक संतृप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना एवं दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना। भावभीनी श्रद्धांजलि!

उप्र विधानसभा के अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित ने पंडित सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि 13वीं, 14वीं व 16वीं  विधानसभा के सदस्य होने के साथ ही राज्य मंत्री से लेकर के कैबिनेट मंत्री तक का सफर तय किया l उनके निधन से जनपद गोंडा सहित प्रदेश की राजनीति में शून्यता आई है। इसकी भरपाई हो पाना कठिन है।

Back to top button