कुवैत से प्रत्यर्पित हुआ धोखाधड़ी का आरोपी मुन्नवर खान, CBI ने लिया हिरासत में
Delhi News: केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए धोखाधड़ी और जालसाजी के मामले में वांछित आरोपी मुनव्वर खान को कुवैत से भारत प्रत्यर्पित कराया है। कुवैत पुलिस की निगरानी में मुनव्वर खान को हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (RGIA) पर लाया गया, जहां सीबीआई और स्पेशल टास्क ब्रांच (एसटीबी) चेन्नई की टीम ने उसे तुरंत हिरासत में ले लिया।
कुवैत से भगौड़े मुनव्वर का प्रत्यर्पण
सीबीआई की अंतरराष्ट्रीय पुलिस सहयोग इकाई (IPCU) ने विदेश मंत्रालय और नेशनल सेंट्रल ब्यूरो (NCB)-कुवैत के साथ मिलकर यह अभियान चलाया। 7 फरवरी 2022 को सीबीआई ने इंटरपोल के जरिए मुनव्वर खान के खिलाफ रेड नोटिस जारी कराया था। इसी आधार पर कुवैत के अधिकारियों ने उसे गिरफ्तार किया और 11 सितंबर 2025 को भारत प्रत्यर्पित करने का निर्णय लिया गया।
मुनव्वर खान पर क्या हैं आरोप?
सीबीआई के अनुसार, मुनव्वर खान पर आपराधिक षड्यंत्र, धोखाधड़ी और जालसाजी के आरोप हैं। उसने अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर बैंक ऑफ बड़ौदा को धोखे से भारी नुकसान पहुंचाया। बैंक से धोखाधड़ी करने के तुरंत बाद वह कुवैत भाग गया था, जिसके चलते उसे भगोड़ा घोषित कर दिया गया।
यह भी पढ़ें…
कुख्यात ड्रग तस्कर विजय कुमार की संपत्ति फ्रीज, दिल्ली में नशा विरोधी अभियान जारी
इंटरपोल की भूमिका
इंटरपोल एक अंतरराष्ट्रीय पुलिस संगठन है, जो सदस्य देशों की कानून प्रवर्तन एजेंसियों को अपराधियों को पकड़ने और प्रत्यर्पण में मदद करता है। इसके जरिए जारी रेड नोटिस वांछित अपराधियों को पहचानने और गिरफ्तार करने के लिए विश्वभर की एजेंसियों को भेजा जाता है।
भारत में इंटरपोल के लिए नेशनल सेंट्रल ब्यूरो (NCB) के रूप में सीबीआई काम करती है। यही एजेंसी देश की सभी कानून प्रवर्तन संस्थाओं के साथ ‘भारतपोल’ नामक तंत्र के माध्यम से समन्वय करती है।
यह भी पढ़ें…
Flood News: उफान पर यमुना नदी… दिल्ली-यूपी और पंजाब समेत कई राज्यों में कहर
CBI की हालिया उपलब्धियां
सीबीआई ने पिछले कुछ वर्षों में इंटरपोल चैनलों के जरिए 130 से अधिक वांछित अपराधियों को विभिन्न देशों से भारत वापस लाने में सफलता पाई है। मुनव्वर खान का प्रत्यर्पण इसी अभियान की एक और बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
अधिकारियों का कहना है कि मुनव्वर खान के खिलाफ अब भारत में मुकदमा चलाया जाएगा और बैंक ऑफ बड़ौदा धोखाधड़ी मामले में न्याय सुनिश्चित किया जाएगा।
यह भी पढ़ें…





