
गोरखपुर में रफ्तार का कहर, फॉर्च्यूनर ने MBBS छात्र को उड़ाया…ओवरब्रिज की रेलिंग पर लाश
UP News: गोरखपुर में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। स्कूटी से लौट रहे MBBS छात्र आकाश पांडे की फॉर्च्यूनर कार की टक्कर से मौत हो गई। मृतक छात्र उत्तर प्रदेश के संत कबीर नगर जिले का रहने वाला बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, आकाश पांडे रात में अपने दोस्त अनूप के घर भोजन करने गया था। खाना खाने के बाद वह स्कूटी से वापस लौट रहा था, तभी तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार ने पीछे से उसकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की रफ्तार काफी ज्यादा थी और टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि छात्र का हेलमेट दूर जा गिरा, जबकि वह गंभीर रूप से घायल होकर ओवरब्रिज की रेलिंग पर जा अटका। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलते ही उसका दोस्त अनूप भी मौके पर पहुंच गया। अपने दोस्त की हालत देखकर वह फूट-फूटकर रोने लगा और डॉक्टरों से कहता रहा कि “डॉक्टर साहब, आप तो मेरे दोस्त को जिंदा कर सकते हैं ना।” वहां मौजूद लोगों ने उसे समझाने की काफी कोशिश की।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल युवकों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने आकाश पांडे को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
वहीं पुलिस ने फॉर्च्यूनर कार को जब्त कर लिया है और वाहन चालक समेत गाड़ी में सवार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि चालक नशे में हो सकता है, हालांकि इसकी पुष्टि मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही होगी।
इस दर्दनाक हादसे के बाद मेडिकल कॉलेज परिसर में शोक का माहौल है और छात्रों में भारी आक्रोश भी देखने को मिल रहा है।





