
सर्दियों में रखे सेहत का खास ख्याल, बढ़ सकती है कमजोरी और इन्फेक्शन की समस्या…
Winter Health Tips: सर्दी का मौसम शुरू होते ही बीमारियों का ग्राफ भी बढ़ने लगता है। मौसम बदलने पर अक्सर लोग बीमार पड़ते हैैं। इसके कई कारण हो सकते हैं, जिनमें ठंडी हवा, शुष्क वातावरण प्रमुख हैं।
ठंड के दिनों में फिजिकल एक्टिविटी नहीं करने से, इनडोर अधिक समय बिताने से और घर में वेंटिलेशन कम होने से वायरस से संक्रमित होने का खतरा अधिक होता है। मौसम बदलते ही हमारे शरीर के इम्यून सिस्टम पर सीधा असर पड़ता है।
मौसम में बदलाव के साथ सर्दियों (Winter Health Tips) का आगमन हो रहा है और इसके साथ ही शरीर में कमजोरी, त्वचा का सूखापन, संक्रमण और सामान्य सर्दी-खांसी जैसी समस्याएं बढ़ जाती हैं। डाइटीशियन शशि सिंह के अनुसार इस मौसम में रोग प्रतिरोधक क्षमता (इम्यूनिटी) सामान्य से थोड़ी कम होने लगती है इसलिए यह बेहद जरूरी है कि हम अपने सेहत का खास ध्यान रखें और शरीर को गर्म रखने के साथ-साथ रोग प्रतिरोधक क्षमता को भी मजबूत करें।
आइए जानते हैं बदलते मौसम में आपको स्वस्थ रखने वाले कुछ उपयुक्त घरेलू आहारों के बारे में –
- आंवला-
आंवला में भरपूर मात्रा में विटामिन C और एंटीऑक्सीडेंट्स पाया जाता है जो रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाता है। सर्दियों में आंवले का रस या आंवले का मुरब्बा शरीर को बदलते मौसम में होने वाले सामान्य संक्रमणों और सर्दी-खांसी जैसी समस्याओं से भी बचाता है। - घी-
सर्दी के मौसम में घी का सेवन बहुत ही फायदेमंद होता है। प्रतिदिन आहार में एक चम्मच घी शामिल करने से शरीर को गर्मी मिलती है तथा यह रोग प्रतिरोधक क्षमता को भी बढ़ाता है। घी में मौजूद फैट्स शरीर को ताकत प्रदान करते हैं और सर्दी-खांसी से बचाव करते हैं। - खजूर-
खजूर फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर होता है जो रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने में मदद करता है। यह प्राकृतिक रूप से फेफड़ों को साफ करता है और जोड़ों के दर्द से भी बचाता है। सर्दी में खजूर का सेवन शरीर को गर्म रखने के साथ-साथ सेहतमंद बनाता है। - शकरकंदी-
शकरकंदी (स्वीट पोटैटो) सर्दियों का एक बेहतरीन आहार है। यह फाइबर और पोटैशियम से भरपूर होता है जो शरीर से विषाक्त पदार्थों को बाहर निकालने में सहायक है और साथ ही यह सूजन और कब्ज को कम करने में भी सहायता करता है। - गुड़-
आयरन और एंटीऑक्सीडेंट्स का प्रचुर भंडार होने के कारण गुड़ सर्दियों में बेहद फायदेमंद होता है। थोड़े गुड़ का सेवन सर्दियों में सेहत को बनाए रखने के लिए एक बेहतरीन उपाय है। - हल्दी-
भारत के सामान्यतया हर रसोईघर में पाई जाने वाली हल्दी इसमें मौजूद करक्यूमिन एंटीबायोटिक से भरपूर होती है जो बदलते मौसम में शरीर को स्वस्थ रखने में सहायक मानी जाती है। - तरल पेय–
ठंड की आहट के साथ लोग अक्सर पानी पीना कम कर देते हैं लेकिन यह बहुत जरूरी है कि हम अपने शरीर में पानी की जरूरतों को पूरा करने के लिए पर्याप्त पानी पिएं। ऐसे मौसम में गुनगुना पानी पिएं जिससे आपका पाचन तंत्र भी दुरुस्त रहेगा। इस मौसम में अदरक, तुलसी और काली मिर्च वाली चाय का सेवन भी अच्छा विकल्प है।
Article by- शशि सिंह (आहार विशेषज्ञ) पूर्व सेंट्रल किचन, (के.जी.एम.यू ) लखनऊ





