उत्तराखंड में बड़ा हादसा, खाई में वाहन गिरने से 14 की मौत

accident logo

देहरादून। उत्तराखंड के चम्पावत में सोमवार रात बड़ा हादसा हुआ। टनकपुर-चम्पावत हाईवे से जुड़ी सूखीढांग-डांडामीनार रोड पर दुर्घटना में मैक्स गाड़ी में सवार 16 में से 14 लोगों की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल चालक तथा एक अन्य व्यक्ति को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया है।

दुर्घटना बुड़म से लगभग तीन किलोमीटर आगे हुई बताई जा रही है। हादसे के बाद शव बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हैं जिससे उनकी पहचान नहीं हो पा रही है। अभी तक दो की पहचान हो पाई है। इनमें से एक राम प्रकाश दूसरा  त्रिलोक राम है।

मिली जानकारी के अनुसार मैक्स वाहन संख्या-यूके 04,टीए- 4712 में सवार सभी लोग टनकपुर के पंचमुखी धर्मशाला में हुई शादी में शामिल होकर घर लौट रहे थे। बीती रात 3 बजकर 20 मिनट के आस-पास मैक्स अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई।

सभी लोग ककनई निवासी लक्ष्मण सिंह के पुत्र मनोज सिंह की शादी में शामिल होने गए थे। अधिकांश मृतक लक्ष्मण सिंह के सगे संबंधी बताए जा रहे हैं। सूचना के बाद पुलिस व रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गई।

सभी 14 शवों को खाई से बाहर निकाला गया है। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल दो लोगों को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया है। यहां उनका उपचार किया जा रहा है। इनमें से चालक प्रकाश राम की हालत ज्यादा गंभीर है।

मृतक ककनई के डांडा और कठौती गांव के हैं। दुर्घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। माना जा रहा है कि मैक्स में क्षमता से अधिक सवारी होने से दुर्घटना हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button