कोरोना: थोड़ी हल्की हुई रफ़्तार, फिर भी तीन लाख के पार; 2,771 की मौत

नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस की दूसरी लहर खतरनाक तरीके से संक्रमण फैला रही है। पिछले कई दिनों में देश में कोरोना वायरस के दैनिक मामले तीन लाख से ज्यादा आ रहे हैं और दो हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो रही है।

हालांकि मंगलवार को कोरोना के दैनिक मामलों में हल्की गिरावट देखी गई है। बीते 24 घंटे में 3.23 लाख मामले दर्ज हुए और 2,771 मरीजों की मौत हुई है। वहीं ढाई लाख से ज्यादा लोग एक दिन में रिकवर भी हुए हैं। 

भारत में नए मामलों में यह गिरावट महाराष्ट्र की वजह से भी आई है, जहां सोमवार को कोरोना के नए मामलों में बड़ी गिरावट आई। राज्य में जहां हर दिन 60 हजार के पार नए मामले आ रहे थे तो वहीं, सोमवार को 48 हजार 700 नए मामले आए हैं।

रविवार को मृतकों का आंकड़ा 800 के पार पहुंचने के एक दिन बाद ही मरने वालों की संख्या भी कम हो गई है। उधर, मुंबई में भी बीते एक दिन में सिर्फ 3,876 नए केस सामने आए हैं।

दिल्ली में जारी है कोरोना का तांडव

महाराष्ट्र से जहां एक ओर थोड़ी राहत मिली तो अब दिल्ली में कोरोना ने तांडव मचाना शुरू कर दिया है। राजधानी में सोमवार को कोरोना से रिकॉर्ड 380 लोगों की जान गई। यह एक दिन में सर्वाधिक मौत का रिकॉर्ड है। सोमवार को दिल्ली में कोरोना के 20 हजार 20201 नए मामले दर्ज किए गए।

ठीक होने की दर घटकर 82.6 फीसदी हुई

कोरोना से स्वस्थ होने वाले लोगों की दर गिरकर 82.6 प्रतिशत रह गई है। आंकड़ों के अनुसार इस बीमारी से स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 1,42,96,640 हो गई है जबकि मृत्यु दर गिरकर 1.13 प्रतिशत रह गई है।

Leave a Reply

Back to top button