कोरोना: 24 घंटे में सिर्फ 15,981 नए मामले, एक्टिव केस भी मात्र 2 लाख

नई दिल्ली। भारत कोरोना महामारी के प्रकोप से अब उबरता नजर आ रहा है। पिछले 24 घंटों में पूरे देश से कोरोना संक्रमण के मात्र 15,981 मामले सामने आए हैं। पिछले 8 दिनों से देश में 20 हजार से कम मामले दर्ज किए जा रहे हैं।
इन सब के बावजूद त्योहारों के मौसम को देखते हुए विशेषज्ञों ने सलाह दी है कि कोरोना गाइडलाइन्स का पालन सख्ती के साथ किया जाए। राहत की बात यह है कि जितने लोग हर रोज कोरोना से संक्रमित हो रहे हैं उससे ज्यादा लोग कोरोना से ठीक हो रहे हैं।
पिछले 24 घंटों में 17,861 लोग कोरोना से ठीक हुए हैं, जिसके बाद देश में रिकवर होने वाले कुल मरीजों की संख्या 3,33,99,961 तक पहुंच गई है। भारत में एक्टिव केसों की संख्या भी लगातार को हो रही है।
फिलहाल देश में कोरोना के केवल 2,01,632 सक्रिय मामले हैं। जो पिछले 218 दिनों में सबसे कम हैं। इसके अलावा पिछले 24 घंटों में 166 लोगों की कोरोना से मौत हुई है, जिसके बाद कोरोना से मरने वालों की संख्या 4,51,980 पहुंच चुकी है।
कोरोना मामलों की पहचान करने के लिए देश में टेस्टिग भी जारी है। अब तक 58.98 करोड़ टेस्ट किए जा चुके हैं। साथ लोगों टीकाकरण अभियान भी चल रहा है, जिसके तहत अब तक कुल 97.23 करोड़ वैक्सीन लगाई जा चुकी हैं।





