
हारेगा कोरोना: केरल को छोड़ शेष भारत से 24 घंटे में सिर्फ 7,304 नए केस

नई दिल्ली। देश में कोरोना टीके की 100 करोड़ डोज लगाए जाने के ऐतिहासिक दिन भारत में संक्रमण के नए मामलों में मामूली बढ़ोतरी देखी गई है।
पिछले 24 घंटे में भारत के अंदर कोरोना के 18,454 नए केस आए हैं, जो पिछले 5 दिनों की तुलना में थोड़े ज्यादा हैं। हालांकि, कोरोना के इलाजरत मरीजों का आंकड़ा तेजी से घटना जारी है, जो कि सबसे बड़ी राहत की बात है। इस अवधि में कोरोना के 160 मरीजों ने दम भी तोड़ दिया है।
ताजा आंकड़ों के मुताबिक, देश में अब कोरोना के सिर्फ 1,78,831 एक्टिव केस रह गए हैं। रिकवरी रेट भी बढ़कर 98.15 फीसदी तक पहुंच गया है, जो कि लगातार मार्च 2020 के बाद से अब तक के उच्चतम स्तर पर बना हुआ है।
बता दें कि गुरुवार को ही भारत ने 100 करोड़ वैक्सीन डोज दिए जाने का ऐतिहासिक आंकड़ा छुआ है। वहीं, कुल नए मामलों में से 11,150 अभी भी अकेले केरल राज्य से हैं। संक्रमण ने बीते एक दिन में राज्य के अंदर 82 और मरीजों की जान ले ली है।
जनसंख्या सबसे बड़ी चुनौती
भारत के लिए कोरोना वैक्सीनेशन में सबसे बड़ी चुनौती जनसंख्या रही है। आबादी के लिहाज से भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा देश है। विश्व के छोटे देशों के लिए टीकाकरण अपेक्षाकृत ज्यादा आसान है।
2.5 करोड़ से कम आबादी वाले कई देशों में टीकाकरण की स्थिति भारत से बेहतर है। यूएई को देखें जहां 81 फीसद आबादी को दोनों डोज लगाई जा चुकी है।
कंबोडिया में यह आंकड़ा 63 फीसदी और स्विट्जरलैंड में 53 फीसदी है। ऐसे में भारत के लिए बड़ी जनसंख्या समस्या बनी है। ग्रामीण और दुर्गम इलाकों में वैक्सीन लेकर पहुंचाना ही बड़ी चुनौती है। इससे भारत को आगे भी पार पाना होगा।