बिहार पंचायत चुनाव: तीसरे चरण का मतदान आज, करीब 58 लाख मतदाता करेंगे वोटिंग

Bihar Panchayat Election 2021

पटना। बिहार पंचायत चुनाव के तीसरे चरण में 35 जिलों के 50 प्रखंडों में आज शुक्रवार सुबह सात बजे से मतदान आरंभ हो चुका है। इस चरण में 57,98,379 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

मतदान के लिए 10,634 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। तीसरे चरण के चुनाव में कुल 23,128 पदों के लिए 81,616 उम्मीदवार मैदान में हैं। ग्राम पंचायत सदस्य की 11,247 सीटों पर सबसे अधिक 44,401 उम्मीदवार ताल ठोक रहे हैं तो मुखिया के लिए 759 सीटों पर 7,538 उम्मीदवार मैदान में हैं।

पंचायत समिति सदस्य की 1,036 सीटों के लिए 6,851 प्रत्याशियों ने अपनी दावेदारी पेश की है। ग्राम कचहरी पंच के 11,247 पदों के लिए 18,606 और ग्राम कचहरी सरपंच की 759 सीटों के लिए 4,427 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किया है।

जिला परिषद सदस्य की 107 सीटों पर 1415 प्रत्याशी किस्मत आजमा रहे हैं। वोटों की गिनती 10 व 11 अक्टूबर को होगी।

इस दौरान पटना के बख्तियारपुर व पूर्वी चंपारण के तुरकॉलिया, नालंदा के नगरनौसा प्रखंड की रामपुर पंचायत सहित कई जगहों से ईवीएम में खराबी की जानकारी मिली है।

मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की कतारें लंबी होती जा रहीं हैं। कई जिलों में कड़ी धूप के बीच लोग अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। आमतौर पर मतदान शांतिपूर्ण है।

मतदान के दौरान पुलिस कहीं चुस्‍त है तो कहीं सुस्‍ती व लापरवाही का नजारा है। लखीसराय के हलसी प्रखंड की धीरा पंचायत पर मतदान के आरंभिक दौर में ही तैनात दारोगा सोते नजर आए।

इतने हुए निर्विरोध

मतदान के पहले ही 3144 प्रत्याशी निर्विरोध विजयी घोषित किए गए हैं। इनमें  ग्राम पंचायत सदस्य पद पर 118, पंच पद पर 3020, मुखिया पद पर दो, पंचायत समिति सदस्य पद पर तीन और ग्राम कचहरी सरपंच पद पर एक उम्मीदवार निर्विरोध विजेता घोषित किए गए हैं।

Back to top button